आज से मेरठ जाएगी नौचंदी एक्सप्रेस
एक दिन पहले ही रेलवे ने बहाल कर दी नौचंदी और संगम एक्सप्रेस
बुधवार को इलाहाबाद से अलीगढ़ की बजाय मेरठ गई संगम
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
पिछले कई दिनों से निरस्त चल रही नौचंदी एक्सप्रेस बृहस्पतिवार से बहाल हो जाएगी। इस ट्रेन के बहाल होने से इलाहाबाद से बरेली, मुरादाबाद, मेरठ जाने वाले यात्रियों को खासी राहत मिलेगी। उधर संगम एक्सप्रेस का भी बुधवार से मेरठ के लिए संचालन शुरू हो गया। पिछले कुछ रोज से संगम का संचालन इलाहाबाद से अलीगढ़ के बीच ही हो रहा था।
दरअसल मेरठ-सहारनपुर रेलखंड के मेरठ कैंट, पाबली खास और दौराला स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रेलवे ने जहां कुछ ट्रेनों को निरस्त कर दिया था तो वहीं कुछ को आंशिक रूप से निरस्त कर दिया था। पूर्ण रूप से निरस्त होने वाली ट्रेनों में नौचंदी एक्सप्रेस भी शामिल थी, जबकि आंशिक रूप से निरस्त होने वाली ट्रेनों में संगम एक्सप्रेस रही। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत संगम एक्सप्रेस का संचालन नौ जुलाई 13 जुलाई के मध्य इलाहाबाद से मेरठ की बजाय अलीगढ़ तक होना था, लेकिन रेलवे ने 12 जुलाई से ही इसे मेरठ के लिए बहाल कर दिया। इसी तरह नौचंदी एक्सप्रेस भी 13 जुलाई तक निरस्त थी, लेकिन अब एक दिन पहले ही रेलवे ने इसे बहाल कर दिया। 13 जुलाई से नौचंदी एक्सप्रेस का संचालन इलाहाबाद से मेरठ/सहारनपुर के बीच शुरू हो जाएगा।