प्रयागराज से हटेगा स्लीपर, एसी थ्री का एक-एक कोच
0 13 सितंबर से ट्रेन में जुड़ जाएगा एसी टू एवं एसी फर्स्ट का एक-एक अतिरिक्त कोच
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। इलाहाबाद जंक्शन से नई दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस से स्लीपर और एसी थ्री का एक-एक कोच रेलवे कम करने जा रहा है। इसके स्थान पर ट्रेन में एसी टू एवं एसी फर्स्ट का एक-एक कोच जोड़ा जाएगा। ट्रेन में स्लीपर और एसी थ्री का कोच हटने से यात्रियों को भी दिक्कत होनी तय है। क्योंकि प्रयागराज में अमूमन स्लीपर और एसी थ्री में लंबी प्रतीक्षा सूची रहती है। कोच हटने के बाद प्रतीक्षा सूची पहले के मुकाबले बढ़ सकती है।
प्रयागराज एक्सप्रेस में स्लीपर कोच पहले 14 लगा करते थे। एसी कोच की संख्या बढ़ने के साथ-साथ इसमें स्लीपर कोच कम किए जाने लगे। पिछले वर्ष ट्रेन एलएचबी कोच से लैस हुई तो इसमें स्लीपर कोच घटाकर 11 कर दिए गए। अब 13 सितंबर से प्रयागराज एक्सप्रेस में स्लीपर कोच दस ही रहे जाएंगे। जबकि, एसी थ्री कोच की संख्या भी चार से घटकर तीन रह जाएगी। एनसीआर के सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल के मुताबिक 13 सितंबर से प्रयागराज एक्सप्रेस में एसी टू के कोच की संख्या तीन की बजाय चार एवं एसी फर्स्ट कोच दो हो जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत 23 कोच की इस ट्रेन में स्लीपर के दस, एसी थ्री के तीन, एसी टू के चार, एसी फर्स्ट के दो, सामान्य श्रेणी एवं जेनरेटर के दो-दो कोच रह जाएंगे।