केंद्रीय मंत्री उमा भारती तलब
प्रयागराज। आचार संहिता उल्लंघन के लंबित मुकदमे में उपस्थित न होने पर स्पेशल कोर्ट एमपीएमएलए ने केंद्रीय मंत्री उमा भारती को नोटिस जारी कर तलब कर लिया है। मामले की अगली सुनवाई 30 जनवरी 2019 को होगी। यह आदेश स्पेशल कोर्ट जज पवन कुमार तिवारी ने दिया है। उमाभारती के खिलाफ एक फरवरी 2012 को महोबा के कुलपहाड़ थाने में आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया गया था। वादी सहायक अभियंता ने बिना मुद्रक के नाम और पते के छपे स्टीकर और पर्चे बरामद कर केस दर्ज कराया था। इस प्रकरण में हाईकोर्ट से स्थगन आदेश पारित है। स्पेशल कोर्ट ने कहा है कि उच्चतम न्यायालय के नवीनतम विधि व्यवस्था के अनुसार स्थगन आदेश छह माह बाद स्वत: समाप्त हो गया है। कोर्ट ने नोटिस जारी कर अगली नियत तारीख पर उपस्थित होने के लिए तलब किया है। और कहा है कि उपस्थित न होने की दशा में विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।