बाबागंज। पुलिस के हत्थे चढ़े नकली दवा के कारोबारी ने दवाओं में मिलावट के खेल का खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि आयुर्वेदिक दवाओं में एलोपैथिक की नशीली और नींद की गोलियां भी पीसकर मिलाई जाती थीं। पुलिस ने दो लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पकड़े गए कारोबारी का चालान कर दिया गया है।
महेशगंज थाना क्षेत्र के राय असकरनपुर गांव में काफी दिनों से नकली आयुर्वेदिक दवाएं बनाकर असाध्य रोगों का इलाज किया जाता था। सोमवार को महेशगंज एसओ ने मय असकरनपुर निवासाी रमाकांत मिश्रा उर्फ बबलू के घर पर छापेमारी की। इस दौरान एक क्विंटल 94 किलो आयुर्वेदिक दवाओं के साथ बबलू के छोटे भाई लक्ष्मीकांत मिश्र उर्फ डब्लू को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ 274 और 275 मिश्रित आयुर्वेदिक दवा तैयार करके लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लक्ष्मीकांत को जेल भेज दिया।