राफेल सौदे में केंद्र ने खजाने
को लगाई बड़ी चपत: प्रियंका
क्रासर
राबर्ट वाड्रा पर केस भाजपा की पुरानी स्क्रिप्ट, यूपी में कानून व्यवस्था ध्वस्त
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने मंगलवार को कहा कि राफेल लड़ाकू विमान सौदे में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया है। देश के इस सबसे बड़े रक्षा सौदे में गड़बड़ी पर पर्दा डालने की नाकाम कोशिशें की जा रही हैं। इस मामले पर कांग्रेस छह सितंबर से देशव्यापी आंदोलन चलाएगी।
भूमि घोटाले में राबर्ट वाड्रा पर केस को उन्होंने भाजपा की पुरानी स्क्रिप्ट बताया, साथ ही इलाहाबाद में सरेराह सेवानिवृत्त दरोगा की पीट कर हुई हत्या और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के लिए सूबे के योगी सरकार को भी घेरा। कहा कि यूपी में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। ऐसा दुर्भाग्यपूर्ण वातावरण यूपी में कभी नहीं था।
सिविल लाइंस स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका ने कहा कि राफेल डील में सरकारी खजाने को 41,205 करोड़ रुपये का चूना लगाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री गोपनीयता की शर्त की दुहाई देकर 36 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद मूल्य संसद में बताने से इंकार कर रहे हैं। जबकि, पूर्ववर्ती यूपीए सरकार ने डसॉल्ट एविएशन की ओर से बनाए गए मिराज और सुखोई लड़ाकू विमानों व अन्य रक्षा उपकरणों की खरीद मूल्य संसद के पटल पर रखा था। ऐसे में यह सरकार आखिर राफेल डील की कीमतें न बताकर क्या छिपाने की कोशिश कर रही है? इसे सामने लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का चौकीदार बताकर सत्ता में आए नरेंद्र मोदी जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। 2019 के लोस चुनाव में जनता इसका हिसाब जरूर लेगी। वार्ता के समय विधायक अनुराधा मिश्रा, जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी, पूर्व विधायक विजय प्रकाश और किशोर वार्ष्णेय समेत कई नेता उपस्थित थे।