रक्षा बंधन के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन आज से
24 से 29 अगस्त तक हर रोज 134 अतिरिक्त बसों का होगा संचालन
इलाहाबाद। रक्षा बंधन के मौके पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यूपी रोडवेज की ओर से अतिरिक्त बसों का संचालन शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। रोडवेज ने यात्री सुविधा के तहत 24 से 29 अगस्त के मध्य इलाहाबाद के लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी आदि रूट पर अगले छह दिन नियमित रूप से 134 अतिरिक्त बस चलाने का एलान किया है। साथ ही इन छह दिनों के दौरान छुट्टी न लेने वाले रोडवेजकर्मियों को प्रोत्साहन राशि दिए जाने की भी बात कही है।
इलाहाबाद से रक्षा बंधन के अवसर पर लखनऊ, फैजाबाद, कानपुर, गोरखपुर एवं वाराणसी मार्ग पर नियमित बसों के अलावा 24 से 29 अगस्त तक 20-20 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा कानपुर होकर दिल्ली के लिए दस और लखनऊ, बरेली के रास्ते चार अतिरिक्त बसें भी इस अवधि में चलेंगी। इलाहाबाद से मिर्जापुर एवं बांदा के लिए भी रोडवेज ने दस-दस अतिरिक्त बसों को चलाने की तैयारी की है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. हरिशचंद्र यादव के मुताबिक अतिरिक्त बसों का संचालन शुक्रवार से शुरू हो रहा है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के दिन यानी रविवार 26 अगस्त को महिलाओं से रोडवेज किराया नहीं लेगा।