--------
नए पदों को लेकर आज साफ होगी स्थिति
0 पीसीएस में शामिल किए गए लोअर सबऑर्डिनेट के कई पद
0 पीसीएस-2018 के विज्ञापन के साथ जारी होगा नया पाठ्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। इस बार पीसीएस-2018 की परीक्षा 831 पदों के लिए आयोजित की जाएगी। पिछली परीक्षाओं के मुकाबले इस बार पदों की संख्या काफी अधिक है। पीसीएस में लोअर सबऑर्डिनेट के भी कई पद शामिल किए गए हैं। शुक्रवार, छह जुलाई को पीसीएस-2018 में शामिल किए गए नए पदों को लेकर स्थिति साफ हो जाएगी। विज्ञापन के साथ नया पाठ्यक्रम भी जारी किया जाएगा। अभ्यर्थियों को छह जुलाई से लेकर छह अगस्त तक आवेदन का मौका मिलेगा।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने इस बार भर्ती परीक्षाओं के कैलेंडर में लोअर सबऑर्डिनेट और सहायक वन संरक्षक (एसीएफ)/ क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ) परीक्षा को शामिल नहीं किया था। बाद में आयोग की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई थी कि एसीएफ/आरएफओ की परीक्षा पीसीएस के साथ आयोजित की जाएगी और लोअर सबऑर्डिनेट के कई पदों को भी पीसीएस में शामिल किया जा रहा है। लोअर सबऑर्डिनेट के कितने पद पीसीएस में शामिल किए गए हैं, यह आयोग ने अभी स्पष्ट नहीं किया है। शुक्रवार को जारी होने वाले विस्तृत विज्ञापन में पदों का विवरण भी होगा और तब नए पदों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। आयोग ने एसीएफ और आरएफओ के पदों को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। इस बार सहायक वन संरक्षक के 16 और और क्षेत्रीय वन अधिकारी के 76 पदों के लिए परीक्षा होगी। यह परीक्षा पीसीएस-2018 के साथ आयोजित की जाएगी और शुक्रवार को इसका विज्ञापन भी जारी हो जाएगा। विज्ञापन के साथ पीसीएस मुख्य परीक्षा का नया पाठ्यक्रम भी जारी किया जाएगा।
00
केमेस्ट्री के पेपर में 85 फीसदी रही उपस्थिति
- पीसीएस-2017 की मुख्य परीक्षा में बृहस्पतिवार को केमेस्ट्री के पेपर में 85.42 फीसदी और विधि के पेपर में 83.52 फीसदी अभ्यर्थी उपस्थित रहे। केमेस्ट्री की परीक्षा के लिए पंजीकृत 48 अभ्यर्थियों में से 41 और विधि की परीक्षा के लिए पंजीकृत 176 में से 147 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। शुक्रवार को सिविल अभियंत्रण, यांत्रिक अभियंत्रण, विद्युत अभियंत्रण एवं कृषि अभियंत्रण की परीक्षा होगी जबकि आखिरी दिन सात जुलाई को निरस्त की जा चुकी सामान्य हिंदी एवं निबंध के पेपर की परीक्षा है।