जिले में 770 वर्ग किमी में बिछेगा मेट्रो का जाल
0 एडीए की कंसल्टेंट एजेंसी ने सर्वे के बाद ड्राफ्ट का किया प्रजेंटेशन, आवागमन के अन्य माध्यमाें पर भी विचार
0 2017 से 2041 के बीच आबादी और ट्रैफिक में होने वाली वृद्धि को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है प्लान
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
इलाहाबाद में मेट्रो रेल सेवा का आधार तैयार होने लगा है। इसका 770 वर्ग किलोमीटर में विस्तार होगा, जिससे जनपद का बड़ा हिस्सा जुड़ा होगा। इलाहाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से चयनित कंसल्टेंट एजेंसी यूएमटीसी ने सर्वे के बाद तैयार ड्राफ्ट का मंगलवार को मंडलायुक्त तथा अन्य अफसरों के सामने प्रजेंटेंशन दिया। प्रस्ताव 2017 से 2041 के बीच जनसंख्या और यातायात में होने वाली वृद्धि को देखते हुए तैयार किया गया है। हालांकि, यह प्रारंभिक ड्राफ्ट है। इसमें व्यापक संशोधन प्रस्तावित है। यातायात के अन्य माध्यमों, मेट्रो स्टेशनों से सड़क मार्ग की कनेक्टिविटी, दूसरे विभागों तथा विशेषज्ञों के सुझाव के आधार पर फिर से सर्वे होगा। इसके बाद फाइनल ड्राफ्ट तैयार होगा।
कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि 20 वर्षों में बढ़ते दबाव को ध्यान में रखकर एक-दूसरे से समकोण पर जुड़े मेट्रो रूट की योजना बनाई जा सकती है। ताकि, शहर की चारों दिशाओं पर मुख्य टर्मिनल बनाए जा सकें। प्रतिनिधियों ने बताया कि इस बाबत सर्वे हो चुका है। मेट्रो रूट से प्रमुख मार्गों को जोड़ने के अलावा शहर में यातायात, पैदल पथ, साइकिल ट्रैक आदि विकसित करने के लिए भी सर्वे हो चुका है। मंडलायुक्त डॉ.आशीष कुमार गोयल, डीएम सुहास एलवाई, एडीए के उपाध्यक्ष भानुचंद्र गोस्वामी, नगर आयुक्त हरिकेश चौरसिया आदि ने जरूरी सुझाव दिए।
000
प्रस्तावित टर्मिनल और रूट
0 कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि अकबरपुर से झूंसी होते हुए बागीपुर तथा इसी प्रकार नैनी क्षेत्र से बमरौली एवं फाफामऊ को जोड़ने वाले टर्मिनल संभावित हैं। प्रस्तावित मेट्रो रूट से बमरौली एयरपोर्ट तथा सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं सिविल लाइंस, जीरो रोड़, लीडर रोड आदि प्रमुख बस अड्डे जुड़े होंगे। इनके अलावा जीटी रोड, लाउदर रोड, एनएच-30, बलुआघाट रोड़, नुरूल्ला रोड, पीडी टण्डन रोड, स्टैनली रोड, आदि मुख्य सड़कों को मेट्रो रूट से जोड़ने के लिए सर्वे किया जा चुका है। कानपुर, प्रतापगढ, फैजाबाद, मिर्जापुर, वाराणसी को जोड़ने वाले मार्गों को भी मेट्रो रूट से जोड़ने का प्रस्ताव शामिल है। इसके तहत बहादुर, सहसों, कौड़िहार, नैनी आदि स्थानाें पर टर्मिनल संभावित है।
000
स्मार्ट सिटी के साथ मिलकर तैयार होगा प्रस्ताव
0 बैठक में मेट्रो ट्रेन का ड्राफ्ट स्मार्ट सिटी की योजनाओं के साथ मिलकर तैयार करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत दोनों योजनाओं की कंसल्टेंट एजेंसियां संयुक्त रूप से काम करेंगी। ताकि, मेट्रो के साथ सिटी बस तथा यातायात की अन्य सेवाओं के लिए संयुक्त योजना बनाई जा सके।
000
जून के बाद नहीं खुदेंगी सड़कें
0 मंडलायुक्त डॉ.आशीष कुमार गोयल ने जून के बाद सड़कें खोदने पर रोक लगा दी है। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि बीएसएनएल, सीएनजी, बिजली विभाग, नगर निगम समेत अन्य विभाग आवश्यकता के अनुसार सड़कों की खुदाई की अनुमति मार्च तक ले लें। इसके बाद जून तक कार्य पूर्ण कर सड़कां की मरम्मत करा लें। इसके बाद किसी भी सड़क को खोदने की अनुमति नहीं दी जाएगी।