फैनी का असर: धूल भरी आंधी ने किया परेशान
0 गिरा तापमान, दो दिन में छिटपुट बारिश के आसार
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। अर्धशतक मारने की ओर तेजी से बढ़ते पारे पर पूर्वी दिशा से बहने वाली हवाओं ने ब्रेक लगा दिया। दो दिन के भीतर पारा करीब छह डिग्री लुढ़ककर शुक्रवार को 40 डिग्री पर पहुंच गया। पारा नीचे आने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई, लेकिन दिन भर चली धूल भरी हवाओं ने परेशान किया। वहीं, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ये फैनी का असर है। आगे भी कुछ दिनों तक तापमान में गिरावट जारी रहेगी और आंधी के साथ बारिश भी हो सकती है।
बीते बुधवार को पिछले कई वर्षों का रिकार्ड तोड़ते हुए पारा 46 डिग्री के ऊपर पहुंच गया था, लेकिन बृहस्पतिवार को बंगाल की खाड़ी से उठी हवाओं ने पारा का नरम पड़ने पर मजबूर कर दिया। तापमान में दो डिग्री की कमी रिकॉर्ड हुई। उसके बाद शुक्रवार को तापमान चार डिग्री और कम होकर 40 तक पहुंच गया। तापमान कम होने से लोगों को गर्मी से कुछ निजात मिली। हालांकि, उमस ने परेशान किया। दिन में 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी हवा चलती रही। इविवि, भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष एसएस ओझा के मुताबिक अगले कुछ दिनों में पूर्वी हवाओं के प्रभाव से तापमान में कमी आ सकती है। इससे तापमान में करीब पांच डिग्री की कमी अभी संभव है। उधर, फैनी के दस्तक देने के बाद संभावना जताई जा रही कि अगले 48 घंटे के भीतर प्रयागराज में छिटपुट बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने फैनी के पूर्वी उप्र में असर पड़ने की संभावना जताई है। प्रयागराज में भी इसका आंशिक असर पड़ सकता है। रविवार को भी तेज आंधी की संभावना जताई जा रही।