दर-दर भटक रही शहीद की बेटी, मां ने बसा लिया दूसरा घर
भाई की हो गई हत्या, बेसहारा की संपत्ति चाचा ने हड़पी
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। अपने हक के लिए शहीद की बेटी दर-ब-दर भटक रही है। पिता के शहीद होने के बाद मां ने अपना दूसरा घर बसा लिया। कुछ दिनों बाद भाई की हत्या को गई तो चाचाओं ने उसकी संपत्ति हड़प ली। बेसहारा बेटी किसी दूसरे के घर में पलती रही। इस दौरान चाचा ने उसके खाते से फर्जी तरीके से रुपये भी निकाल लिए। अब उसने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर फर्जीवाड़े की जांच कराए जाने और संपत्ति दिलाने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के जुगराजगढ़ बढ़ईपुर रैयापुर गांव निवासी अंजली यादव के पिता अनुज कुमार यादव सेना में जवान थे। 2004 में कश्मीर में तैनाती के दौरान आतंकी हमले में शहीद हो गए। उसके बाद मां ने भी उसे छोड़कर दूसरे के साथ घर बसा लिया। घर में 12 साल की अंजली और उसका भाई विपिन था। 2016 में विपिन की भी हत्या कर दी गई। हालांकि उसके आरोपी जेल चले गए, लेकिन अंजली अकेली रह गई। उसके साथ कई तरह की घटनाएं हुईं। आरोप है कि उससे चाचा लगातार उस पर हमलावर होते रहे। बाद में उसे उसके पिता के एक जानने वाले ने अपने घर पर रख लिया। बाद में वह एक अन्य व्यक्ति के घर पर पलती रही। अभी हाल ही में उसे पता चला कि उसके चाचा ने उसके खाते से फर्जी तरीके से 12 लाख रुपये निकाल लिए। इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की है। अंजली का आरोप है कि उसके घर के गहने, चेकबुक, गाड़ी सहित अन्य सामान पर भी चाचा ने कब्जा कर लिया है।