एक ही क्रम में किए जाएं जंक्शन के सभी प्लेटफार्म
0 जंक्शन पर प्लेटफार्मों के एक क्रम में नंबर न होने से नाराजगी
0 जीएम और डीआरएम को भेजा पत्र, कहा-प्लेटफार्म के क्रम किए जाएं संशोधित
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। इलाहाबाद जंक्शन पर प्लेटफार्मों के नंबरों का क्रम व्यवस्थित न होने के मामले में यूनियन नेताओं के साथ ही सपा सांसद ने भी सवाल खड़े किए हैं। फूलपुर से सपा सांसद नागेंद्र सिंह पटेल ने रेलवे के प्रस्तावित प्लेटफार्म के नंबरों के क्रम में आपत्ति जताई है। कहा है कि सभी प्लेटफार्म के नंबर एक क्रम में होने चाहिए। ताकि कुंभ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को उससे कोई परेशानी न हो। उन्होंने इस संबंध में उत्तर मध्य रेलवे के जीएम और डीआरएम को पत्र भी भेजा है।
दरअसल, इलाहाबाद जंक्शन पर लंबे समय से बंद चल रहे प्लेटफार्म नंबर पांच का चार में विलय किया जा रहा है। इस वजह से प्लेटफार्म नंबर छह को अब पांच नंबर प्लेटफार्म से जाना जाएगा। इस हिसाब से नई व्यवस्था में प्लेटफार्म नंबर सात को छह और आठ नंबर को प्लेटफार्म नंबर सात होना चाहिए, लेकिन रेलवे प्रशासन ने निर्माणाधीन प्लेटफार्म नंबर 11 को नंबर छह करने का एलान किया है। जबकि 11 नंबर प्लेटफार्म को ही दस नंबर किया जाना चाहिए था। ‘अमर उजाला’ में शनिवार आठ दिसंबर के अंक में यह खबर प्रकाशित की गई तो रेलवे प्रशासन ने भी इस विषय में एक बार फिर से मंथन करना शुरू कर दिया है।
सपा सांसद नागेंद्र पटेल ने भी प्रस्तावित नंबर क्रम में संशोधन की मांग का पत्र शनिवार को ही जीएम और डीआरएम को भेज दिया। नार्थ सेंट्रल रेलवे वर्कर्स यूनियन के जोनल महामंत्री मनोज पांडेय भी सोमवार 10 दिसंबर को इस संबंध में डीआरएम से मिलने जा रहे हैं।
‘प्लेटफार्म नंबर 11 को नंबर छह की बजाय दस नंबर किया जाए। ताकि एक से नौ नंबर तक के प्लेटफार्म एक ही क्रम में आ जाएं। ऐसा न होने पर यात्रियों को परेशानी हो सकती है।’
नागेंद्र सिंह पटेल, सांसद फूलपुर।
‘प्लेटफार्म का क्रम अभी प्रस्तावित है। इस संबंध में अफसरों के साथ विचार विमर्श किया जाएगा। यात्रियों को परेशानी न हो इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा।’
0 अमिताभ, डीआरएम, इलाहाबाद मंडल।