टैक्स के साथ पद और वेतन भी हो एक समान
वाणिज्य कर विभाग के अफसरों ने किया प्रदर्शन
इलाहाबाद। देश में एक समान कर प्रणाली जीएसटी लागू होने के बाद वाणिज्य कर विभाग में सामान्य कैडर लागू करने की मांग उठने लगी है। अफसर केंद्र की भांति वाणिज्य कर विभाग में भी पद और वेतन दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश वाणिज्य सेवा संघ, वाणिज्यकर सेवा संघ एवं वाणिज्य कर अधिकारी सेवा संघ के संयुक्त बैनर तले अफसरों ने इन मांगों को लेकर सिविल लाइंस स्थित कार्यालय के व्यापारी सुविधा केंद्र में प्रदर्शन किया। इस दौरान कहा गया कि जीएसटी लागू होने के बाद देश में टैक्स की दरें समान हो गईं हैं। ऐसे में अफसरों का पद एवं वेतन भी केंद्रीय अफसरों के समान होना चाहिए। इस दौरान अफसरों ने अपनी मांगों से केंद्रीय कार्यकारिणी को भी अवगत कराया। इसमें ज्वाइंट कमिश्नर भूपेंद्र शुक्ला, एसपी सिंह, डिप्टी कमिश्नर डॉ. मुकेश, सुनील कुमार सिंह, विवेक सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर विवेक मिश्र, नम्रता वर्मा, गरिमा विक्रम, सीटीओ संजय सिंह, स्वाति अग्रवाल, श्वेता आदि शामिल रहे।