पदोन्नति के बजाए समायोजन से शिक्षक नाराज
इसके विरोध में राजकीय शिक्षक संघ का डीआईओएस कार्यालय पर 26 या 27 को होगा धरना
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
राजकीय शिक्षक संघ विभिन्न मांगों को लेकर 26 जून को डीआईओएस कार्यालय पर धरना देगा। 26 को ईद का अवकाश होने पर धरना 27 जून को होगा। संघ की शनिवार को जीआईसी स्थित कार्यालय में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राजकीय इंटर कॉलेजों के शिक्षकों के समायोजन का जो आदेश जारी किया गया है, वह नियम के विपरीत है। ऐसा अफसर अपनी गलती को छिपाने के लिए कर रहे हैं। कहा कि पदोन्नति के तकरीबन तीन हजार पद खाली हैं लेकिन गलत बहानेबाजी करके पदोन्नति नहीं की जा रही। कहा जा रहा है कि 15 सौ शिक्षक सरप्लस हैं। शिक्षकों की पदोन्नति हो गई होती तो सरप्लस की बात ही नहीं रह जाती।
अध्यक्षता कर रहे संघ के महामंत्री डॉ. रवि भूषण यादव ने कहा कि सरकार के पास सरल उपाय है, वह अपने अधिकारियों से निर्देश दें कि सभी बाधाएं दूर कर शिक्षकों की पदोन्नति करें। इस तरह समायोजन की जरूरत नहीं रह जाएगी। गलत तरीके से समायोजन को लेकर शिक्षक 26 या 27 जून को डीआईओएस कार्यालय पर धरना देंगे। बैठक में राजनाथ, डॉ.बीएल पाल, जुबैर अहमद, मौजूद अहमद, राम लखन पाल, ओम प्रकाश, राम सजीवन, इफ्फत, परवीन, रमा सिंह, सीएल यादव आदि मौजूद थे।