शीशगढ़। बढ़ते अतिक्रमण की वजह से आए दिन जाम की समस्या से निजात दिलाने की शिकायत पर एडीजी के आदेश पर शीशगढ़ पुलिस हरकत में आई। मंगलवार दोपहर थाना पुलिस ने नगर पंचायत कर्मचारियों के सहयोग से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। सबसे पहले पुलिस पूरे दल बल के साथ बिलासपुर अड्डा पहुंची और दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटवाना शुरू किया तो दुकानदारों में खलबली मच गई। कुछ जगह अतिक्रमण हटाने को लेकर पुलिस से नोकझोंक भी हुई, लेकिन टीम ने किसी की नहीं सुनी। करीब तीन घंटे चले अभियान में बिलासपुर अड्डा पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त हो गया। अभियान की सूचना पर कुछ अतिक्रमणकारियों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। एसओ शीशगढ़ श्याम सिंह ने बताया कि जब तक कस्बा के मेन रोड का अतिक्रमण पूरी तरह नहीं हट जाता अभियान जारी रहेगा। जो बिलासपुर से शुरू होकर बरेली बस अड्डा तक चलाया जाएगा। उन्होंने अतिक्रमणकारियों को स्वयं ही अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी है।
दरअसल कस्बे में मेन रोड पर दुकानदारों ने दुकानों के आगे चौकियां और बेंच रखकर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे सड़क पूरी तरह घिर जाने से संकरी हो गई है। इस कारण जाम की समस्या बनी रहती है। ब्यूरो