लंच पैकेट खाने पर वकील बीमार, दुकानदार पर रिपोर्ट
रबड़ी-कचौड़ी खाने पर बिगड़ी दर्जनों वकीलों की तबियत
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। रबड़ी-कचौड़ी खाने के बाद हाईकोर्ट के दर्जनों अधिवक्ता बीमार हो गए। आरोप है कि वह फूड प्वायजनिंग से पीड़ित हो गए। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट अपर शासकीय अधिवक्ता रत्नेंदु सिंह की तहरीर पर लिखी गई है। उनकी ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 20 जून को शाम पांच बजे शासकीय अधिवक्ता शिवकुमार पाल ने टीपीनगर स्थित राजस्थानी स्वीट हाउस से 25 पैकेट रबड़ी-कचौड़ी मंगवाई। जिसका सेवन करने के बाद सभी बीमार हो गए। जिसमें रत्नेंदु सिंह व रघुराज किशोर मिश्रा शारदा हॉस्पिटल व अरुणेंद्र कुमार आनंद हॉस्पिटल में भर्ती हैं। इसके अलावा पतंजलि मिश्रा, जयनारायण सिंह राजपूत, अमित सिंह चौहान, जेके उपाध्याय, प्रशांत कुमार, दीपक मिश्रा, राजेश मिश्रा, ओमप्रकाश, बीके राजभर, गंभीर सिंह समेत अन्य लोग बीमार हो गए। इन्होंने विभिन्न अस्पतालों में इलाज कराया। आरोप है कि दुकानदार मिलावटी खाद्य सामग्री बेच रहा है। पुलिस का कहना है कि अधिवक्ता की तहरीर पर राजस्थान स्वीट हाउस के मालिक व कर्मचारियों पर रिपोर्ट लिख ली गई है। जांच की जा रही है।