होटल में छापा मारकर वाणिज्य कर विभाग ने सीज किए कागजात
0 सिविल लाइंस स्थित एक होटल में कर चोरी मामले में विभागीय टीम की कार्रवाई
प्रयागराज। वाणिज्य कर विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को सिविल लाइंस स्थित एक होटल में छापामारी की कार्रवाई की। तकरीबन तीन घंटे चली इस कार्रवाई के दौरान विभागीय अफसरों ने वहां टैक्स की चोरी पकड़ी। इस दौरान टीम ने होटल में उसके टर्न ओवर से जुड़े तमाम कागजात सीज कर लिए। संबंधित होटल के टर्न ओवर के हिसाब से वहां तकरीबन छह लाख रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी गई।
विभागीय टीम को खबर मिली थी कि सुभाष चौराहे के पास एक होटल में जीएसटी की चोरी की जा रही है। पिछले कुछ माह से संबंधित होटल संचालक की ओर से टैक्स नहीं जमा किया जा रहा। विभाग के एडिशनल कमिश्नर राम प्रसाद के निर्देश पर यहां डीसी हेमंत कुमार गौतम, मुकेश कुमार सिंह, एसी विवेक कुमार, एसपी उमराव, मोनू त्रिपाठी आदि के नेतृत्व में छापामारी की कार्रवाई की गई। यहां बीते कुछ माह के दौरान तकरीबन 40 लाख रुपये का टर्नओवर पाया गया। जांच के दौरान तकरीबन छह लाख रुपये जीएसटी जमा नहीं करने का मामला सामने आया। वहां होटल में मौजूद तमाम कागजात सीज कर लिए गए। इसके पूर्व बुधवार को भी विभागीय टीम ने एमजी मार्ग स्थित एक रेस्तरा में छापामारी कर दस लाख रुपये की जीएसटी की चोरी पकड़ी थी।