000000000000000000000000
आयोग की याचिका पर सरकार आज रखेगी पक्ष
0 उप्र लोक सेवा आयोग में एलटी ग्रेड परीक्षा पेपर लीक का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। एलटी ग्रेड परीक्षा पेपर लीक मामले में जांच एजेंसी एसटीएफ के नोटिस को चुनौती देने वाली लोक सेवा आयोग की याचिका पर बुधवार को आयोग के वकील की बहस पूरी हो गई है। प्रदेश सरकार के अधिवक्ता ने इस मामले में कोई हलफनामा दाखिल करने से इंकार करते हुए कहा कि वह बृहस्पतिवार को अपनी बहस कोर्ट में प्रस्तुत करेंगे। आयोग की याचिका पर न्यायमूर्ति जेजे मुनीर और न्यायमूर्ति अनिल कुमार की पीठ सुनवाई कर रही है।
लोक सेवा आयोग की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनूप त्रिवेदी ने बुधवार को अपनी बहस पूरी की। आयोग का कहना है कि वह एक स्वायत्त संस्था है। नियमानुसार परीक्षा संबंधी गोपनीय दस्तावेज किसी को नहीं सौंपे जा सकते हैं। एसटीएफ ने नोटिस जारी कर आयोग से गोपनीय दस्तावेज मांगे हैं। इसे देने से इंकार करने पर उनके अधिकारियों पर उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की जा सकती है। मंगलवार को हुई सुनवाई में कोर्ट ने प्रदेश सरकार के अधिवक्ता को हलफनामा और अन्य दस्तावेज जो वह कोर्ट में देना चाहें, बुधवार को देने का निर्देश दिया था। इसके जवाब में प्रदेश सरकार के अधिवक्ता एसके पाल ने कोर्ट को बताया कि वह कोई हलफनामा नहीं देना चाहते हैं, इसके बजाए बृहस्पतिवार को अदालत में अपना पक्ष रखेंगे। सुनवाई 20 जून को होगी।