बरेली के ध्यानार्थ
0000000000000000000
इज्जतनगर पुलिस एनकाउंटर
की जांच के लिए याचिका
0 हाईकोर्ट ने प्रदेश सरकार से जवाब तलब किया
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। बरेली के इज्जतनगर थाना पुलिस द्वारा मुठभेड़ में दो युवकों अशोक और कपिल को मारे जाने की घटना की निष्पक्ष जांच की मांग में इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। याचिका पर कोर्ट ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है। पूछा है कि याची की शिकायत पर पुलिस अधिकारियों ने क्या कार्रवाई की। याचिका की सुनवाई 17 जुलाई को होगी। यह आदेश न्यायमूर्ति मनोज मिश्र तथा न्यायमूर्ति एसएस शमशेरी की खंडपीठ ने सुरेंद्र सिंह की याचिका पर दिया है।
याची का कहना है कि संभल के इचवड़ा दीगर गांव के अशोक और कपिल को बरेली पुलिस छह जनवरी 19 को साढ़े तीन बजे शाम पकड़ कर ले गई। दूसरे दिन सात जनवरी को पुलिस मुठभेड़ में दोनों के मारे जाने की खबर मिली। पुलिस के अनुसार पांच बाइक सवारों ने ऑटो रिक्शा पर जा रहे एक व्यवसायी को फायर कर घायल करते हुए 15 लाख लूट लिए थे। व्यापारी की सूचना पर पुलिस पार्टी ने पीछा किया और गन्ने के खेत में मुठभेड़ हुई। तीन भाग गए, जबकि दो की पुलिस की गोली से मौत हो गई। याची ने फर्जी मुठभेड़ की शिकायत एसएसपी से की, मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पुलिस डकैती के केस की विवेचना कर रही है। याची ने फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।