संगम की लेटलतीफी रोकने
को नियमित होगी मॉनीटरिंग
0 फिर लेट हुई ट्रेन, जंक्शन से समय पर चलने के बाद खुर्जा पहुंचने में 5.10 घंटे लगे
0 लेटलतीफी पर डीआरएम के निर्देश पर परिचालन विभाग के अफसरों ने की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। इलाहाबाद जंक्शन से मेरठ सिटी/देहरादून जाने वाली संगम एक्सप्रेस की इलाहाबाद मंडल में लेटलतीफी रोकने को लेकर इसकी मॉनीटरिंग अब नियमित रूप से की जाएगी। अमर उजाला के तीन जून के अंक में ‘अपने ही मंडल में लेट हो रही संगम’ प्रकाशित खबर के बाद हरकत मेें आए रेलवे अफसरों ने सोमवार को बैठक कर संगम की नियमित मॉनीटरिंग करने का निर्णय लिया।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में डीआरएम के निर्देश पर हुई इस बैठक में परिचालन विभाग के अफसरों ने संगम एक्सप्रेस के पिछले कुछ दिनों के आंकड़े भी देखे। यह भी देखा गया कि आखिर जंक्शन से समय पर छूटने के बाद किन सेक्शन में ट्रेन लेट हुई और क्यों। दरअसल, संगम के रूट में खुर्जा जंक्शन उत्तर मध्य रेलवे जोन का आखिरी स्टेशन है। इसके बाद खुर्जा सिटी स्टेशन है, जो उत्तर रेलवे के अधीन है। संगम बीते कई दिन जंक्शन से समय पर छूटी, लेकिन खुर्जा पहुंचते-पहुंचते लेट हो गई। रविवार को भी संगम एक्सप्रेस समय से छूटी, लेकिन सोमवार की सुबह खुर्जा पहुंचने में ट्रेन 5.10 घंटे लेट हो गई। ट्रेन के लेट चलने से यात्रियों को काफी दिक्कत हो रही है। इस बारे में डीआरएम अमिताभ ने कहा कि अफसरों ने बैठक की है। ब्लॉक की वजह से ट्रेन पिछले दिनों लेट हुई। अब इसकी नियमित मॉनीटरिंग होगी।