पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति के एसी टू कोच में कूलिंग न होने से भड़के यात्री
0 दिल्ली से ही ए-वन कोच में नहीं हो रही थी कूलिंग, जंक्शन पर चेन पुलिंग कर रोकी ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। नई दिल्ली से गुवाहाटी जा रही पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एसी टू कोच में कूलिंग न होने से बृहस्पतिवार को यात्री भड़क गए। ट्रेन इलाहाबाद जंक्शन पहुंची तो उसके ए-वन कोच में सफर कर रहे तमाम यात्री प्लेटफार्म पर उतर गए। कोच में कूलिंग न होने की बात कहकर यात्रियों ने प्लेटफार्म नंबर पांच पर खूब शोरशराबा भी किया। इस दौरान ट्रेन चली तो उसे चेन पुलिंग करके रोक लिया गया। बाद में जंक्शन पर रेलकर्मी बुलाए गए और एसी कोच में लगी बैटरी चार्ज की गई। कुछ कूलिंग होने के बाद ही ट्रेन जंक्शन से रवाना हो सकी।
बताया जा रहा है कि नई दिल्ली से चलने के दौरान ही पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति के एसी टू कोच में कूलिंग नहीं हो रही थी। वहां यात्रियों ने इसकी शिकायत की लेकिन, उनकी बात अनसुनी कर दी गई। इस वजह से ट्रेन दिल्ली से ही घंटे भर की देरी से चली। सुबह कानपुर में भी यात्रियों ने शिकायत की। वहां मामला इलाहाबाद जंक्शन के लिए टाल दिया गया। सुबह 11.31 बजे पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पर पांच पर रुकी। ट्रेन के रुकते ही उसके ए-वन कोच में बैठे तमाम यात्री प्लेटफार्म पर उतर गए। निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन चलने को हुई तो उसे चेन पुलिंग कर रोक लिया गया। यात्रियों ने यहां खूब शोर शराबा किया। उनके हो हल्ले के बाद एसी कोच की बैटरी चार्ज करने के लिए रेलकर्मी मौके पर पहुंचे। यहां चार्ज करने के बाद जब कूलिंग शुरू हुई तो ही यात्री शांत हुए। इसके बाद ट्रेन दिन में 01.02 बजे जंक्शन से रवाना हो सकी।