तय समय में अधिवक्ता संघ का चुनाव कराए एल्डर कमेटी
0 जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव समय पर कराने को लेकर दाखिल याचिका पर हाईकोर्ट का आदेश
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जिला अधिवक्ता संघ की एल्डर कमेटी को निर्देश दिया है कि वह तय कार्यक्रम के अनुसार चुनाव कराए। कोर्ट ने निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जिम्मेदारी भी एल्डर कमेटी को सौंपते हुए कहा कि ऐसे पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जानी चाहिए जिनकी सर्व स्वीकार्यता हो।
पूर्व अध्यक्ष शीतला प्रसाद मिश्र की याचिका पर न्यायमूर्ति बी अमित स्थालकर और न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल की पीठ ने सुनवाई की। याचिका में मांग की गई थी कि जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव नियत समय में कराने का आदेश दिया जाए। कोर्ट के निर्देश पर एल्डर कमेटी के सदस्य विनोद चंद्र दुबे की ओर से एक चुनाव कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसके मुताबिक 25 जुलाई को मतदान कराया जाना है तथा उससे पूर्व की प्रक्रिया चार जुलाई से प्रारंभ हो जाएगी। 26 जुलाई को मतगणना होगी। याची के अधिवक्ता राकेश पांडेय की ओर से इस कार्यक्रम पर कोई आपत्ति नहीं की गई। उन्होंने कहा कि चुनाव एल्डर कमेटी की देखरेख में होना चाहिए। एल्डर कमेटी ने भी आश्वासन दिया कि चुनाव तय समय में करा लिए जाएंगे। इस पर कोर्ट ने याचिका निस्तारित कर दी है।