46.5 डिग्री पर पारा, सबसे गर्म रहा प्रयागराज
चटक धूप और लू के थपेड़ों ने सताया, चढ़ते पारे से अच्छे मानसून की उम्मीद
प्रयागराज। सोमवार को प्रयागराज में अधिकतम 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ जो आज पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा। प्रयागराज पूरे सूबे में सबसे अधिक तपन वाला स्थान रहा। इसके बाद सुल्तानपुर में 45.2 डिग्री, झांसी में 44.7 डिग्री और बांदा में 44.8 डिग्री सेल्सियस पारा रिकॉर्ड हुआ। रिकार्ड गर्मी के साथ पारा एक बार फिर 45 डिग्री पार करके ऊपर चढ़ रहा है। दिन में चटक धूप और करीब 38 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक तपिश बढ़ने केसाथ ही अच्छे मानसून की संभावना भी बढ़ गई है।
इस माह की शुरूआत में ही तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। उसके बाद 9 मई को भी पारा 46.1 डिग्री और 10 को 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान तक पारा पहुंचा। अधिकतम पारा बढ़ने के साथ ही न्यूनतम पारा में भी अधिक गिरावट नहीं हो रही, जिससे वातावरण में नमी कम हो रही है। सोमवार को न्यूनतम पारा 26.4 रिकॉर्ड किया गया जबकि नमी का न्यूनतम स्तर 13 फीसद रहा। तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण चिलचिलाती गर्मी से लोग परेशान रहे। दोपहर के समय 12 से तीन बजे के बीच सड़कों पर आवागमन कम दिखा। बाजारों में भी ग्राहकी कमजोर रही। शाम को भी तपिश का असर बरकरार रहा। लोगों को रात आठ बजे के बाद कुछ राहत मिली। इस बीच कई मोहल्लों में बिजली का गुल होना कष्टकारी रहा। मौसम विज्ञानी प्रोफेसर एचएन मिश्रा के मुताबिक मई में तापमान बढ़ने से मानसून के मजबूत होने की संभावना होती है। तापमान को देखते हुए अच्छी बारिश की संभावना बन रही है।