राजरूपपुर में फिर ट्रांसफार्मर जला, नाराज लोगों ने लगाया जाम
पांच दिन से बिजली संकट से जूझ रहे चकिया-कालिंदीपुरम के लोग उतरे सड़क पर
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। बिजली आपूर्ति सोमवार को भी कई इलाकों में बेपटरी रही। राजरूपपुर में तीन दिन के आंदोलन के बाद लगा ट्रांसफार्मर फिर जल गया। बिजली के साथ पानी का संकट पैदा होने से इस भीषण गर्मी में लोगों की आंखों में आंसू आ गए। इनवर्टर बंद होने की वजह से सैकड़ों लोग फिर सड़क पर उतर कर हंगामा मचाने लगे। शोरशराबा होने पर ट्रांसफार्मर भिजवाया गया। क्रेन भी मंगा ली गई, लेकिन कर्मियों के न होने की वजह से ट्रांसफारमर लगाने की प्रक्रिया घंटों नहीं शुरू हो सकी।
राजरूपपुर, चकिया, कसारी-मसारी, कालिंदीपुरम, साठफीट रोड समेत कई इलाकों में पिछले पांच दिन से बिजली आपूर्ति ध्वस्त है। इस मामले को लेकर पिछले तीन दिनों से वहां के लोग सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। दबाव बनने पर रविवार की रात फाल्ट दुरुस्त कराकर ट्रांसफार्मर बदला गया। कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह फिर लाइट चली गई। उप केंद्र पर फोन करने के बाद आई, लेकिन दोपहर 1:30 बजे दोबारा ट्रांसफार्मर जल गया। इससे लोगों को जबरदस्त संकट का सामना करना पड़ा। सोमवार की रात इलाके के लोग राजरूपपुर में साठफीट रोड के पास पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। धरना-प्रदर्शन शुरू होने पर बिजली विभाग के जेई-एसडीओ सक्रिय हुए, लेकिन देर रात तक ट्रांसफारमर नहीं बदला जा सका था। उधर, त्रिवेणीपुरम के अलावा देवनगर कॉलोनी में भी जंफर टूटने से रात को बिजली गुल हो गई।