काशी एक्सप्रेस में चढ़ने के प्रयास में गिरी महिला
प्रयागराज। लोकमान्य तिलक (मुंबई) से गोेरखपुर जा रही काशी एक्सप्रेस में चढ़ने के प्रयास में शनिवार को इलाहाबाद जंक्शन पर महिला गिर गई। महिला ट्रेन के पायदान और प्लेटफार्म के बीच में फंस गई। महिला को वहां खड़े लोगों ने किसी तरह से खींच कर निकाला। महिला को काफी चोट आई। बाद में महिला को एसआरएन ले जाया गया।
काशी एक्सप्रेस सुबह 9.45 बजे प्लेटफार्म नंबर नौ पर आई। यहां ट्रेन का इंजन बदलता है। ट्रेन के एस 11 कोच में सवार महाराष्ट्र के कल्याण निवासी महेंद्र यादव और उनकी पत्नी नीलू यादव प्लेटफार्म पर उतरे। उन्हें देवरिया जाना था। महेंद्र पानी खरीद रहा था। इसी बीच इंजन लगने के बाद ट्रेन को झटका लगा। नीलू को लगा कि काशी एक्सप्रेस चल दी है। वह ट्रेन की ओर भागी। स्लीपर कोच में चढ़ने के प्रयास में उसका पैर फिसला और वह प्लेटफार्म और कोच के पायदान के बीच गिर कर फंस गई। यह देखते ही वहां खड़े मुसाफिर नीलू की तरफ दौड़े। उसे खींचकर बाहर निकाला गया। इस दौरान महिला को पैर और कमर में काफी दर्द हुआ। बाद में उसे इलाज के लिए एसआरएन ले जाया गया। मालूम पड़ा कि उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया है।