मंझनपुर। लखनऊ जा रहे जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा शुक्रवार को सिराथू रेलवे क्रासिंंग के समीप लगे जाम में फंस गए। ओवर लोड बालू व ट्रैक्टर के वाहनों की वजह से लंबा जाम लगा था। झल्लाहट में डीएम ने एसडीएम व सीओ को कार्रवाई का निर्देश दिया तो मौके पर पहुंचे अफसरों ने 15 वाहनों को सैनी कोतवाली में सीज कर दिया।
शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा लखनऊ जा रहे थे। सिराथू रेलवे क्रासिंग के पास जाम हुआ था। जाम ओवर लोड बालू लदे ट्रक व ट्रैक्टरों के कारण था। काफी देर तक डीएम के सुरक्षा कर्मी जाम हटवाने का प्रयास करते रहे लेकिन बात नहीं बनी। इसकी जानकारी जब जिलाधिकारी को हुई तो वह झल्ला गए। उन्होंने तत्काल एसडीएम सिराथू ज्योति मौर्या व सीओ को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर पहुंचे अफसरों ने 15 वाहनों को सैनी कोतवाली ले जाकर सीज कर दिया। इसे लेकर वाहन चालकों में हड़कंप रहा।