सांसद जगदंबिका पाल का मुकदमा वापस
प्रयागराज। सांसद जगदंबिका पाल के खिलाफ लंबित कानून के उल्लंघन का मुकदमा शासन द्वारा वापस लिए जाने को स्पेशल कोर्ट एमपीएमएलए ने मंजूर कर मुकदमे को समाप्त कर दिया है। यह आदेश स्पेशल कोर्ट के जज पवन कुमार तिवारी ने विशेष लोक अभियोजक वीरेंद्र सिंह, एसपीओ हरिओंकार सिंह, राधाकृष्ण मिश्र लाल चंदन और एडीजीसी राजेश गुप्ता को सुनकर दिया है। घटना 12 मई 2014 की सिद्धार्थ नगर के इटवा थाने की है। बसपा अभिकर्ता नजीबउल्ला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि लोकसभा मतदान के दिन भाजपा प्रत्याशी जगदंबिका पाल अपने साथ माधव यादव और शिव कुमार वर्मा के साथ इटवा के मतदान स्थल पर पहुंचे और चुनाव चिह्न कमल का फूल दिखाया और नारेबाजी की थी। अनुसचिव उत्तर प्रदेश शासन ने 29 अक्तूबर 2018 को डीएम को पत्र भेज कर मुकदमा वापसी का निर्देश दिया था । अभियोजन की ओर से छह अप्रैल 2019 को स्पेशल कोर्ट में अर्जी प्रस्तुत की गई। कोर्ट ने सुनवाई के बाद मुकदमा वापसी की अर्जी मंजूर कर ली और मुकदमा समाप्त कर दिया।