सभास्थल बना त्रिवेणीपुरम का पार्क
0 सपा, बसपा, आम आदमी पार्टी समेत कई सामाजिक संगठन के लोगों ने दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
झूंसी।
एडीए की त्रिवेणीपुरम कालोनी के गंगा सेक्टर का पार्क शनिवार को बाबा साहेब की प्रतिमा तोड़े जाने के बाद सभास्थल बन गया। सुबह से लेकर देर शाम तक सपा, बसपा, आम आदमी पार्टी के साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठन के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। सभी ने इसके लिए प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था और देश के महापुरूषों की प्रतिमाओं को तोड़कर उन्हें अपमानित किए जाने की साजिश करार दिया।
बाबा साहेब की प्रतिमा तोड़े जाने की जानकारी मिलने पर सबसे पहले फूलपुर सांसद नागेंद्र सिंह पटेल समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध में धरने पर बैठ गए। सांसद ने मोदी और योगी सरकार पर निशाना साधा। पूर्व मंत्री रामानंद ने कहा कि अराजकतत्वों ने सोची समझी रणनीति के तहत यह कार्य किया है। एससी/एसटी उत्पीड़न निवारण केंद्र के जिला प्रभारी अजय प्रकाश सरोज, बसपा नेता आरके गौतम, सपा के एमएलसी रामवृक्ष यादव आदि ने भी विचार रखे। इसके अलावा सभास्थल पर आम आदमी पार्टी की नेता शिमला श्री, अख्तर आदि भी पहुंचे। सभी प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया और अराजकतत्वों की गिरफ्तारी की मांग की। इस मौके पर शीतला प्रसाद, महेंद्र गौतम, बसपा के जोनल क्वाडिनेटर अमरेंद्र बहादुर भारतीया, ज्ञान सिंह पटेल, अभिषेक यादव, घनश्याम पटेल, मोहम्मद जाहिद, डॉ. पवन कुमार, नवीन कुमार, तरूण पासी, रामनाथ, आशाराम, दीपचंद्र गौतम, चंद्रबहादुर गौतम, रामतौलन यादव, रमन यादव, सुरेश यादव, विजय आदि मौजूद रहे।
सभास्थल पर छाए रहे सपा और बसपा के झंडे व टोपी
झूंसी। बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने के बाद फैले आक्रोश और सूचना मिलने पर पहुंचे सपा व बसपा कार्यकर्ताओं ने आपस मेें एकता दिखाने की भी कोशिश की। धरना स्थल कुछ ही देर में सपा व बसपा के झंडों व लाल-नीली टोपी पहने कार्यकर्ताओं की भीड़ से पट गया। दोपहर बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी झाडू़ सिंबल लगी टोपी पहनकर धरना स्थल पर पहुंचे और अपना आक्रोश जताया।