डीएम गौतमबुद्ध नगर हाईकोर्ट में तलब, सुनवाई आज
प्रयागराज। मांगी गई जानकारी उपलब्ध न करा पाने पर डीएम गौतमबुद्धनगर को हाईकोर्ट ने तलब किया है। उनको 31 जनवरी को उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है। रुपेंद्र सिंह गिल की याचिका पर सुनवाई कर रही न्यायमूर्ति विक्रमनाथ और न्यायमूर्ति बीके श्रीवास्तव की पीठ ने यह आदेश दिया।
मामला नोएडा में प्लाटों की नीलामी का है। सेक्टर 127 स्थित प्लाट संख्या 8ए और 18 की नीलामी की प्रक्रिया चल रही थी। कहा गया कि यह प्लाट मेसर्स थ्री सी बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड से बकाया वसूल करने के लिए नीलाम किया जा रहा था जबकि प्लाट का मूल स्वामी कोई और था। कोर्ट ने डीएम से प्लाट के वास्तविक स्वामी की जानकारी मांगी थी। डीएम ने अपने जवाब में तमाम दूसरी जानकारियां दी मगर यह नहीं बताया कि प्लाट किसका है और जब मेसर्स थ्री सी का प्लाट नहीं है तो उससे वसूली के लिए किसी और के प्लाट की निलामी कैसे की जा रही है। स्पष्ट जानकारी नहीं देने पर कोर्ट ने डीएम को तलब कर लिया है।