सीधी भर्ती से भर दिए गए पीसीएस के पद
भर्ती घोटाला 000
0 सीबीआई ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से मांगा जवाब
0 शासन स्तर के पूर्व अफसरों पर भी सीबीआई कसेगी शिकंजा
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की भर्ती परीक्षाओं की जांच कर रही सीबीआई ने बड़ा मामला पकड़ा है। जांच में यह गड़बड़ी सामने आई है कि आयोग ने सीधी भर्ती के माध्यम से पीसीएस स्तर के कई पद भर लिये। मामला सामने आने के बाद सीबीआई ने यूपीपीएससी से जवाब मांगा है और पूछा है कि ऐसे कौन से पद हैं, जिनका वेतनमान और सेवा संवर्ग पीसीएस अफसरों के बराबर है, लेकिन भर्ती केवल इंटरव्यू के माध्यम से हुई है।
सूत्रों का कहना है कि पूर्व सरकार में कई ऐसे पदों पर सीधी भर्ती की गई, जिन्हें लिखित परीक्षा और इंटरव्यू दोनों के माध्यम से भरा जाना था। बहुत से पद हैं, जिनका वेतनमान और सेवा संवर्ग पीसीएस अफसरों के बराबर है। ऐसे में इन पदों पर भर्ती पीसीएस परीक्षा के माध्यम से होनी चाहिए थी, लेकिन सीधी भर्ती के माध्यम से ये पद भरे गए। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई ने इन सभी पदों का विवरण आयोग से मांग लिया है और पूछा है कि किन परिस्थितियों में इन पदों पर सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्तियां की गईं।
सूत्र बताते हैं कि इस पूरे मामले में पूर्व सरकार के दौरान शासन स्तर पर तैनात रहे अफसरों पर सीबीआई अपना शिकंजा कस सकती है, क्योंकि अधियाचन इन्हीं अफसरों के माध्यम से आयोग को भेजा गया था। यह चर्चा भी हो रही है कि अफसरों ने पिछली सरकार के कुछ कद्दावर नेताओं के दबाव सीधी भर्ती के लिए पदों का अधियाचन भेजा। आयोग ने भी इस पर कोई आपत्ति नहीं की, जबकि आयोग के तत्कालीन अफसरों एवं अन्य प्रतिनिधियों को मालूम था कि जो पद सीधी भर्ती के तहत भरे जा रहे हैं, वे पीसीएस अफसर के सेवा संवर्ग और वेतनमान के बराबर हैं।
000
सीबीआई ने बदले जांच टीम के कई सदस्य
दिल्ली स्थित मुख्यालय से भेजे गए नए सदस्य
इलाहाबाद। सीबीआई ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की भर्ती परीक्षाओं की जांच कर रही टीम के कई सदस्यों को बदल दिया है। सीबीआई टीम के नए सदस्य दिल्ली स्थित मुख्यालय से इलाहाबाद के कैंप कार्यालय में पहुंच गए हैं और यहां तैनात रहे सदस्यों को दिल्ली भेज दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि इलाहाबाद में यूपीपीएससी की भर्ती परीक्षाओं की जांच कर रही सीबीआई टीम के तकरीबन दस सदस्यों को इधर से उधर किया गया है। हालांकि इसे रुटीन की प्रक्रिया के तहत किया गया बदलाव बताया जा रहा है, लेकिन अचानक हुए इस बदलाव से कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूत्रों का कहना है कि अब तक जो टीम यहां काम कर रही थी, उसे विशेष कार्य के लिए यहां तैनात किया गया था। यह टीम अपना काम पूरा कर चुकी है और अब सीबीआई जांच की दिशा बदलने जा रही है। सीबीआई का अगला कदम क्या होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन नई टीम के यहां पहुंचने के बाद गोविंदपुर स्थित सीबीआई कैंप कार्यालय में गतिविधियां तेज हो गईं हैं।