प्रतियोगी छात्रों का आंदोलन आज से
0 चयन प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर डीएम को देंगे ज्ञापन
इलाहाबाद। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड एवं अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का गठन एवं भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की मांग को लेकर प्रतियोगी छात्र 25 अक्तूबर से आंदोलन प्रारंभ करने जा रहे हैं। शुरुआत डीएम कार्यालय से होगी, जहां प्रतियोगी छात्र प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे।
इसके लिए बीएड उत्थान जन मोर्चा, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग मोर्चा, प्रतियोगी मोर्चा, युवा मंच आदि के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को छोटा बघाड़ा, एलनगंज आदि में प्रतियोगी छात्रों से संपर्क कर 25 अक्तूबर को दिन में 12 बजे डीएम कार्यालय पहुंचे की अपील की। जनसंपर्क में उदय सिंह लोधी, सुभाष चंद्र पटेल, उमाशंकर सिंह, मनीष सिन्हा आदि शामिल थे। इस दौरान बताया गया कि आइसा, एसएफआई, एआईडीएसओ, इंकलाबी छात्र मोर्चा, जनवादी छात्र सभा, छात्र स्वतंत्रता संघर्ष समिति समेत कई संगठनों ने आंदोलन का समर्थन किया है। डीएम को ज्ञापन देने के साथ ही के आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
इस दौरान स्वराज अभियान के राजेश सचान ने प्रदेश सरकार पर प्रतियोगी छात्रों से छलावा करने का आरोप लगाया। कहा कि अधीनस्थ के प्रतियोगियों को 30 सितंबर तक आयोग के गठन का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। माध्यमिक एवं उच्चतर सेवा चयन आयोग के विलय पर भी अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। जनसंपर्क में अरविंद मौर्या, सुनील यादव, हरिओम सिंह, सुधांशु सिंह, सत्यशील यादव आदि शामिल थे।