ऑनलाइन पंजीकरण में हुई गड़बड़ी तो नहीं करा सकेंगे संशोधन
यूपी बोर्ड : हाईस्कूल, इंटर का आवेदन करते समय अधिक सतर्कता बरतने का निर्देश
वेबसाइट पर अंतिम रूप से विवरण अपलोड करने के पहले कई बार कर सकते हैं जांच
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान आवेदन में किसी तरह की गड़बड़ी छात्र-छात्राओं को महंगी पड़ेगी। यूपी बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि आवेदन को वेबसाइट पर अपलोड करने के पहले हर तरह से जांच कर लें क्योंकि एक बार अंतिम रूप से सबमिट करने के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा भविष्य में किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए इन दिनों ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। इसकी अंतिम तिथि 20 अगस्त निर्धारित है। परीक्षा के लिए आवेदन करने के दौरान अक्सर छात्र-छात्राएं उसमें कोई न कोई गड़बड़ी कर देते हैं। पंजीकरण के दौरान आवेदन में भरी गई सूचना के आधार पर ही परीक्षा प्रवेश पत्र से लेकर अंक पत्र और प्रमाण पत्र भी तैयार होते हैं। गलत सूचना के कारण अंक पत्र और प्रमाण पत्र में वहीं छप जाता है। बाद में विद्यार्थियों को इसमें संशोधन के लिए विद्यालय से लेकर यूपी बोर्ड कार्यालय तक चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसा न हो, इसलिए इस बार पहले से ही विद्यार्थियों के साथ प्रधानाचार्यों को सतर्क कर दिया गया है।
यूपी बोर्ड सचिव नीना श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन डाटा अपलोड करने की प्रक्रिया के दौरान विद्यालय जितनी बार चाहें पंजीकृत विद्यार्थियों के सभी विवरण की फोटोयुक्त चेकलिस्ट डाउनलोड कर, उसे विद्यालयी अभिलेखानुसार बार-बार संशोधित एवं परिवर्तित कर सकते हैं। चेकलिस्ट विद्यार्थियों को वितरित करके उनसे भी इसकी जांच करा सकते हैं, ताकि उसमें किसी तरह की गलती न रह जाए। उसके बाद ही उसे अंतिम रूप से यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किया जाए, क्योंकि एक बार डाटा अंतिम रूप से अपलोड हो जाने के बाद उसमें भविष्य में किसी भी तरह का संशोधन नहीं हो सकेगा।