0000000000000
जब नौकरी मांगने गए युवाओं पर करना पड़ा बल प्रयोग
0 भगदड़ और धूप में बेहोश हो गई छात्रा, दिन भर डटे रहे प्रतियोगी
0 मंत्री, सांसद के वाहन पर भी चढ़ गए थे छात्र, पुलिस ने दौड़ाया
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। इस तपती धूप में नौकरी की मांग लेकर सरकिट हाउस पहुंचे प्रतियोगियों को रविवार को पुलिस बल का भी सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री से मिलने पर आमादा छात्रों ने कई मंत्रियों को घेर लिया। वे उनके वाहन पर भी चढ़ गए। जिन्हें हटाने के लिए पुलिस को लाठी पटकनी पड़ी। इससे वहां भगदड़ मच गई। धक्कामुक्की और धूप की वजह से एक छात्रा बेहोश भी हो गई।
प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती करने तथा इससे संबंधित अलग-अलग संगठनों के बड़ी संख्या में प्रतियोगियों का सरकिट हाउस पर जमावड़ा हुआ। लोक सेवा आयोग तथा अन्य भर्ती संस्थाओं की नियुक्तियों पर रोक के विरोध में भी बड़ी संख्या में छात्र पहुंचे थे। वे आश्वासनों के बजाय भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे थे। वे मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने पर अड़े थे। ऊर्जा विभाग की परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद सरकिट हाउस लौटे मुख्यमंत्री को उन्होंने घेरने की कोशिश की। हालांकि मुख्यमंत्री की गाड़ी के पास तो छात्र नहीं पहुंच पाए लेकिन अन्य मंत्रियों, सांसद आदि को घेर लिया। मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद हरिवंश सिंह के वाहन पर भी चढ़ गए। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। इसके बाद भी छात्र जमे और नारेबाजी करते रहे। हालांकि उनका गुस्सा शांत करने के लिए एक छात्र और एक छात्रा को मुख्यमंत्री से मिलने के लिए भीतर जाने दिया गया। अन्य प्रतियोगियों के ज्ञापन भी लेकर मुख्यमंत्री तक पहुंचाया गया। इसके बाद छात्र कुछ शांत जरूर हुए लेकिन उनकी नाराजगी बनी रही।