आसमान से फिर बरसी आग, पारा 47 पर रहा
0 तपिश ने तड़पाया, लू के थपेड़ों ने झुलसाया
0 और बढ़ा तापमान तो आंधी-तूफान की संभावना
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
सूरज 19 दिन बाद फिर आगबबूला हो गया है। 16 मई के बाद शनिवार को आसमान से दिन भर आग बरसी। पारा तीन डिग्री छलांग लगाकर 47 डिग्री पर पहुंच गया। तपिश ने लोगों को तड़पाया। लू के थपेड़ों ने झुलसाया। सड़कें तवा हो गईं। सीएम के आगमन पर वीआईपी ड्यूटी पर तैनात सिपाही धूप में तपते रहे। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गर्मी अब चरम पर है। तापमान अब बढ़ेगा तो आंधी तूफान आ सकता है।
सप्ताह भर की उठापटक के बाद मौसम का मिजाज अब तल्ख बना हुआ है। सुबह से आंखें तरेर रहा सूरज दोपहर से शाम तक आग बरसाता रहा। धूप असहनीय और लू के थपेड़े जैसे चांटा मार रहे थे। तेज पछुआ हवाएं संकेत दे रही थी कि अभी गर्मी के तेवर तीखे होंगे। फिलहाल अभी गर्मी से राहत के आसार कम हैं। दिन में बाहर निकले लोग तपिश से तप गए। सिर कपड़ा बांधना भी काम नहीं आया। गनीमत रही कि मुख्यमंत्री के शहर में आने की तैयारी में पुलिस की मुस्तैदी से कहीं जाम नहीं लगा। सिग्नल पर खड़े लोग व्याकुल रहे। मौसम विज्ञानी प्रोफेसर एसएस ओझा का कहना है कि यह संकेत जोरदार मानसून के लिए ठीक है। अब तापमान दो या चार डिग्री नहीं बल्कि धीरे-धीरे बढ़ेगा। ऐसे में आंधी-तूफान की संभावना बनती है।