प्रयागराज। चित्रकूट में लगने वाले अमावस्या मेले को लेकर रोडवेज ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। मेला अवधि में प्रयागराज से 105 एवं कानपुर से 40 बसें चित्रकूट के लिए चलाई जाएंगी। बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रोडवेज रोडवेज के प्रबंध निदेशक राजशेखर को स्थानीय क्षेत्रीय प्रबंधकों ने मेले से जुड़ी तैयारियों के बारे में बताया। बसों का संचालन 25 एवं 26 अक्तूबर को विशेष रूप से किया जाएगा।
दरअसल, चित्रकूट में लगने वाले अमावस्या मेले के दौरान हजारों की संख्या में लोग वहां जाते हैं। 25 एवं 26 अक्तूबर को वहां सर्वाधिक भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इस वजह से रोडवेज के प्रयागराज परिक्षेत्र ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 105 बसें संचालित करने की तैयारी की है। इन बसों का संचालन जीरोरोड बस स्टेशन से होगा। इसके लिए मेलाधिकारी के रूप में एआरएम जीरोरोड रविंद्र सिंह की तैनाती की जा रही है। क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में एमडी को बताया कि कानपुर से भी चित्रकूट के लिए वाया फतेहपुर 40 बसें चलेंगी। इसके अलावा दिवाली के अवसर पर भी 22 अक्तूबर से दिल्ली, कानपुर, आगरा, लखनऊ, गोरखपुर, आजमगढ़, फैजाबाद आदि रूट के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
इस बार बढ़ गई कर्मचारियों की प्रोत्साहन राशि
दिवाली के अवसर पर 25 अक्तूबर से तीन नवंबर तक छुट्टी न लेने वाले रोडवेज कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस बार रोडवेज ने प्रोत्साहन राशि बढ़ा दी है। पहले प्रोत्साहन राशि आठ दिन लगातार काम करने वाले कर्मचारियों को मिलती थी लेकिन, इस बार इसकी मियाद दस दिन कर दी गई है। चालक एवं परिचालक को इस दौरान 300 की बजाय 350 रुपये प्रतिदिन की दर से भुगतान होगा। लगातार नौ दिन काम करने वालों को 3150 एवं दस दिन लगातार काम करने वालों 4000 रुपये दिया जाएगा। वर्कशॉप में कर्मचारियों को 800 की बजाय 1200 रुपये का भुगतान होगा। इसके अलावा इस अवधि में ज्यादा आय करने वाले कर्मचारियों को बाद में रोडवेज के एमडी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।