स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए बना त्रिस्तरीय घेरा
पुलिस के साथ ही पीएसी व सीपीएमएफ भी की गई तैनात
दो शिफ्ट में लगेगी ड्यूटी, सीओ करेंगे लगातार निगरानी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। मुंडेरा मंडी स्थित स्ट्रांग रूम में रखी ईवीएम की सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। स्ट्रांग रूम के बाहर सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इसके तहत पुलिस के साथ ही पीएसी और अर्द्धसैनिक बल (सीपीएमएफ) भी ईवीएम की सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं।
मतदान के बाद रविवार देर रात ईवीएम जमा करने का सिलसिला चलता रहा। उधर, शाम को ही मुंडेरा मंडी के बाहर सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए थे। जमा होने के बाद ईवीएम को स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया। स्ट्रांग रूम तक कोई भी पहुंच नहीं सके, इसके लिए पुलिस अफसरों की ओर से कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अफसरों ने बताया कि इस बार ईवीएम की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनवाया गया है। इसके तहत पुलिस व पीएसी के साथ ही सीपीएमएफ के जवान भी तैनात किए गए हैं। सुरक्षाकर्मियों का निर्देश दिया गया है कि किसी भी हालत में स्ट्रांगरूम तक किसी भी व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए।
अफसरों ने बताया कि सुरक्षा घेरे के तहत पहले स्तर पर स्ट्रांगरूम के बाहर सीपीएमएफ के सशस्त्र जवान तैनात किए गए हैं। इसके तहत (सीआईएसएफ) की एक प्लाटून मुंडेरा मंडी में 24 घंटे तैनात कर दी गई है। दूसरे स्तर पर पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। अफसरों ने बताया कि पीएसी की एक कंपनी मुंडेरा मंडी में तैनात की गई है जो लगातार गश्त करेगी। सबसे बाहरी घेरे में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
तीन शिफ्टों में लगेगी ड्यूटी
पुलिस अफसरों ने बताया कि स्ट्रंाग रूम की सुरक्षा में तैनात जवानों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई गई है। आठ घंटे बाद अगली शिफ्ट के जवानों को तैनात कर दिया जाएगा। सीपीएमएफ की प्लाटून का कमांडिंग अफसर लेफ्टिनेंट स्तर के अफसर को बनाया गया है। जो जवानों को दिशा-निर्देश देने के साथ ही उनकी निगरानी भी करेंगे।
प्रतिदिन एक सीओ की होगी ड्यूटी
सुरक्षा में लगी फोर्स की मॉनिटरिंग के लिए रोज एक डिप्टी एसपी की ड्यूटी लगाई जाएगी। एसएसपी ने बताया कि शहर के अलग-अलग सर्किलों में तैनात सीओ को इस ड्यूटी पर लगाया जाएगा। उनका काम सुरक्षा में लगी टीमों की मॉनिटरिंग करना होगा। ड्यूटी के दिन वह कम से कम तीन बार मुंडेरा मंडी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित करेगा कि स्ट्रांगरूम की सुरक्षा में किसी तरह की कोताही न बरती जाए।
कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम स्ट्रांग रूम में रखवाने के बाद वहां सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। पुलिस के साथ ही पीएसी व सीपीएमएफ तैनात की गई है। साथ ही मॉनिटरिंग के लिए रोज एक डिप्टी एसपी की भी ड्यूटी लगाई जा रही है।
अतुल शर्मा, एसएसपी
किस शिफ्ट में कितने पुलिसकर्मी होंगे तैनात
शिफ्ट इंस्पेक्टर एसआई हेड कांस्टेबल कांस्टेबल
प्रथम- 1 1 8
द्वितीय- 1 4 10
तृतीय 1 1 10 4