रात 12 बजे फिर बुलाए गए लापरवाह अफसर
0 शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली करने वाले अधिकारियों की बैठक 20 को
0 पिछली बैठक में अनुपस्थित रहने वाले नौ का एक दिन का काटा गया था वेतन
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। आम लोगों की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अफसरों को डीएम ने एक बार फिर रात में 12 बजे तलब किया है। ऐसे अफसरों की दंडात्मक बैठक 20 दिसंबर की रात में होगी। इस तरह की यह दूसरी बैठक है।
जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर सरकार काफी गंभीर है। कई अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके बावजूद इसमें सुधार नहीं हुआ। ऐसे में आईजीआरएस (पोर्टल) की वेबसाइट पर दर्ज जन शिकायतों के निस्तारण में रुचि न लेने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई का यह नायाब तरीका निकाला गया है। डीएम सुहास एलवाई ने ऐसे अफसरों की रात में 12 बजे बैठक बुलाने की शुरुआत की है। इस तरह की पहली बैठक पिछले महीने 15 नवंबर को हुई थी। डीएम ने उसमें अनुपस्थित रहने वाले नौ अफसरों का वेतन काटने का आदेश दिया है। इस तरह की कार्रवाई का प्रभाव दिखा और शिकायतें कम हुईं लेकिन अब भी 32 अफसर ऐसे पाए गए हैं जिन्होंने शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता नहीं दिखाई। डीएम की अध्यक्षता में उनकी बैठक 20 दिसंबर की रात 12 बजे कलेक्ट्रेट में बुलाई गई है। एडीएम नागरिक आपूर्ति अमर पाल की ओर से इस बाबत पत्र जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अफसरों के विरूद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।