कुंभ कार्यों की समीक्षा करने आज आएंगे डीजीपी
पुलिस के साथ ही अन्य विभाग के अफसरों से भी करेंगे वार्ता
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कुंभ कार्यों की समीक्षा के लिए शनिवार को डीजीपी ओपी सिंह शहर में होंगे। इस दौरान वह अपने विभाग के अफसरों संग बैठक करेंगे ही, अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ भी वार्ता करेंगे। इसके बाद मेला लाइन के साथ ही अन्य विभागीय कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे।
शुक्रवार को देर रात तक पुलिस अफसर तैयारी में जुटे रहे। पुलिस लाइन में भी साफ-सफाई चलती रही। उधर, अभिलेखों को भी व्यवस्थित किया जाता रहा। आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि डीजीपी शनिवार सुबह 11.00 बजे शहर आ जाएंगे। इसके बाद वह सबसे पहले पुलिस अफसरों संग बैठक करेंगे, जिनमें मेला पुलिस से जुड़े अफसर भी शामिल होंगे। इसमें कुंभ से जुड़े कार्योें के साथ ही कानून व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की जाएगी। दोपहर 12.30 बजे से वह अन्य विभाग के अफसरों संग पुलिस लाइन सभागार में ही वार्ता करेंगे। ढाई बजे से वह पुलिस से जुड़े कुंभ संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वह मेला पुलिस लाइन भी जाकर वहां तैयारियाें का जायजा लेंगे। इसके बाद पुलिस लाइन पहुंचकर आरक्षियों के प्रशिक्षण सहित अन्य कार्यों के बारे में जानकारी हासिल करेंगे। शाम पांच बजे वह लखनऊ लौट जाएंगे।