जरूरी हो तभी निकलें घर से, कई मार्गों पर लागू होगा डायवर्जन
वीआईपी आगमन के तहत ट्रैफिक पुलिस ने लिया फैसला
कई मार्गों पर वीआईपी मूवमेंट के वक्त रोका जाएगा ट्रैफिक
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। उपराष्ट्रपति, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर शनिवार को शहर में कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू होगी। इसके तहत कुछ मार्गों पर वीआईपी मूवमेंट के समय अल्प समय के लिए ट्रैफिक रोका भी जाएगा। ऐसे में जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें।
एसपी ट्रैफिक कुलदीप सिंह ने बताया कि सुबह 9.20 मिनट पर वीआईपी आगमन के समय हैप्पी होम, धर्मवीर, टीपी नगर, शरेवानी मोड़, नेहरू पार्क, महिला ग्राम, कर्बला तिराहा, उमराव चौक, उमराव द्वार, डीआईओएस, इंदिरा मूर्ति, अशोक नगर, एल्गिन, उच्च न्यायालय चौराहे पर ट्रैफिक रोका जाएगा। इसी तरह 9.59 मिनट पर हाईकोर्ट से म्योहाल चौराहे की ओर वीआईपी मूवमेंट के दौरान हाईकोर्ट, पीएचक्यू, इंदिरा मूर्ति, धोबी घाट, लोकसेवा आयोग, म्योहाल, टीपी लाइन चौराहे पर ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा। वीआईपी सुबह 11.15 पर एएमए हाल से ट्रिपलआईटी झलवा के लिए रवाना होंगे। इस दौरान टीपी लाइन, म्योहाल चौराहा, लोक सेवा आयोग, धोबीघाट, इंदिरामूर्ति, अशोक नगर, सप्लाई डिपो, महिला ग्राम, शेरवानी मोड़, प्रीतम नगर, धूमनगंज, टीपी नगर, सूबेदारगंज, इंडियन ऑयल, झलवा तिराहा आदि चौराहों पर ट्रैफिक रोक अथवा डायवर्ट किया जाएगा। दोपहर 12.40 बजे उपराष्ट्रपति वापस बम्हरौली के लिए रवाना होंगे जिसके तहत ट्रिपलआईटी चौराहा, झलवा तिराहा, इंडियन ऑयल, सूबेदारगंज, प्रीतमनगर, धूमनगंज, टीपी नगर, धर्मवीर, हैप्पी होम चौराहे पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। दोपहर 1.10 बजे राज्यपाल व मुख्यमंत्री बम्हरौली से सर्किट हाउस जाएंगे जिसके तहत हैप्पी होम, धर्मवीर, टीपी नगर, शेरवानी मोड़, नेहरू पार्क आदि चौराहे पर रूट डायवर्जन होगा। 3.10 पर सीएम व राज्यपाल संगम प्रस्थान करेंगे जिस पर अशोक नगर, इंदिरा मूर्ति, धोबीघाट, लोकसेवा आयोग, बालसन चौराह, जीटी जवाहर से संगम चौराहा और 4.30 बजे संगम से वापस सर्किट हाउस जाने पर संबंधित मार्गों पर फिर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। 7.30 बजे वीआईपी के वापसी में बम्हरौली जाने के दौरान संबंधित मार्गों पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक रोका अथवा डायवर्ट किया जाएगा।