000000000000000
संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की होगी विशेष निगरानी
0 यूपी बोर्ड के अफसरों ने परीक्षा की तैयारी को लेकर की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
यूपी बोर्ड 2018 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी बढ़ाई जाएगी। परीक्षा पूरी तरह नकल विहीन हो, इसके लिए ऐसे केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट पूरे समय मौजूद रहेंगे। मंगलवार को बोर्ड मुख्यालय में परीक्षा की तैयारी को लेकर हुई बैठक में इस संबंध में योजना तैयार की गई।
बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले 50 हजार उन परीक्षार्थियों पर भी बैठक में चर्चा हुई, जिनके प्रमाण पत्र संदेह के घेरे में हैं। सचिव नीना श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि परीक्षा नकल विहीन हो, इसके लिए शासन के निर्देश पर डीएम की ओर से भी तैयारी जारी है। सभी जिलों के डीआईओएस की भी जिम्मेदारी तय की जा रही है। सचिव ने क्षेत्रीय सचिवों को निर्देश दिया कि संवेदनशील परीक्षा केंद्र सहित उसके आसपास विशेष निगरानी का इंतजाम कराया जाए। इसमें डीएम का सहयोग भी लिया जाए। बैठक में इलाहाबाद समेत वाराणसी, बरेली, मेरठ और गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय से जुड़े जिलों में 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के आवेदन फार्मों में लगे प्रपत्रों के फर्जी होने के संदेह के मामले में भी चर्चा हुई। इसके आधार पर सचिव नीना श्रीवास्तव ने इन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से ऐसे छात्र-छात्राओं का रिकार्ड तलब कर लिया है। सत्यापन में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद ऐसे विद्यार्थियों का आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा और परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। बैठक में अपर सचिव प्रशासन, इलाहाबाद समेत बरेली, मेरठ, वाराणसी के क्षेत्रीय सचिव भी शामिल हुए।
अब हो गए 8549 परीक्षा केंद्र
यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए केंद्रों की संख्या बढ़कर 8549 हो गई है। पहले कुल 8540 केंद्र निर्धारित हुए। उस दौरान अलीगढ़, फैजाबाद, गाजीपुर और जौनपुर से परीक्षा केंद्रों की अनुमानित संख्या बताई गई थी, बाद में बोर्ड की वेबसाइट पर इन जिलों की सूची अपलोड की गई तो नौ परीक्षा केंद्र बढ़ गए।