मेयर प्रत्याशी सरवर हुसैन का निधन
0 चुनाव पर नहीं पड़ेगा असर, प्रत्याशियों की सूची में भी परिवर्तन नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। मेयर पद के प्रत्याशी सरवर हुसैन का आकस्मिक निधन हो गया। मंगलवार को उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। हालांकि, वह निर्दलीय प्रत्याशी रहे। इसलिए चुनाव प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा। ईवीएम के बैलेट पेपर में भी उनका नाम शामिल रहेगा।
70 वर्षीय हुसैन की सोमवार को अचानक तबीयत खराब हो गई और कुछ ही देर में निधन हो गया। सरवर का चुनाव चिन्ह लड़का-लड़की है। उनके निधन की खबर से चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। हालांकि प्रक्रिया पर कोई प्रभाव नहीं पड़ने जा रहा। मेयर पद के चुनाव अधिकारी एडीएम नागरिक आपूर्ति अमर पाल सिंह का कहना है कि सरवर हुसैन के निधन की सूचना उन्हें नहीं मिली है। अन्य माध्यमों से जानकारी हुई है। उनके निधन का चुनाव पर कोई असर नहीं होगा। नियमानुसार राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त दल के प्रत्याशी के निधन पर चुनाव स्थगित करने का प्रावधान है। चुनाव अधिकारी ने बताया कि प्रत्याशियों की सूची वाला बैलेट पेपर तैयार हो चुका है। ईवीएम में उनकी सेटिंग भी की जा रही है। ऐसे में बैलेट पेपर में भी सरवर हुसैन का नाम एक प्रत्याशी के तौर पर ही शामिल रहेगा।
000
ईवीएम में बैलेट पेपर लगाने का काम शुरू
0 मेयर तथा पार्षद पद के प्रत्याशियों के लिए 26 नवंबर को होने वाले मतदान की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। मुंडेरा मंडी परिसर में ईवीएम में बैलेट पेपर की सेटिंग का काम भी शुरू हो गया है। डीएम सुहास एलवाई ने मंगलवार को पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया। एडीएम नागरिक आपूर्ति अमर पाल सिंह ने ईवीएम में बैलेट पेपर सेटिंग के दौरान प्रत्याशियों से मौजूद रहने की अपील की है। ताकि, उन्हें किसी तरह का भ्रम न रहे। उन्होंने बताया कि प्रत्याशी के प्रतिनिधि भी पूरी प्रक्रिया के दौरान मौजूद रह सकते हैं।
000
केपी इंटर कालेज से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
0 नगर निकाय के लिए मतदान 26 नवंबर को सुबह 7.30 से शाम पांच बजे तक होगा। नगर निगम में मेयर और पार्षद पद के चुनाव के मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां 25 नवंबर को केपी इंटर कालेज से रवाना होंगी। मतगणना एक दिसंबर को सुबह आठ बजे से मुंडेरा मंडी परिसर में होगी। नगर पंचायत सिरसा एवं भारतगंज के लिए पोलिंग पार्टियां मेजा तहसील मुख्यालय से रवाना होंगी। लालगोपाल गंज एवं मऊआइमा के लिए सोरांव, झूंसी एवं फूलपुर के लिए फूलपुर, हंडिया के लिए हंडिया, शंकरगढ़ के लिए बारा तथा कोरांव के लिए पार्टियां कोरांव तहसील मुख्यालय से रवाना होंगी।
मतदान ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को भी जारी रहा। प्रशिक्षण मेरी लूकस स्कूल में दिया जा रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सीआरओ जीएल शुक्ल ने बताया कि 24 नवंबर को पांच बजे से प्रचार बंद हो जाएगा। जिले में धारा 144 लागू है। वोट डालने के बाद मतदाता मतदान केंद्र से 100 मीटर की परिधि में नहीं रुकेंगे। 100 मीटर की परिधि के बाहर भी भीड़ एकत्रित नहीं होगी।
000