मनास्लु की चोटी पर अपर्णा ने लहराया तिरंगा
0 आईपीएस अधिकारी एवरेस्ट समेत कई चोटियों पर रख चुकी हैं कदम
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और पर्वतारोही अपर्णा कुमार के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। उन्होंने विश्व की आठवीं सबसे ऊंची पर्वत चोटी मनास्लु पर तिरंगा फहरा दिया है। इस चोटी पर पहुंचने वाली वह पहली भारतीय महिला बनी हैं। इससे पहले वह एवरेस्ट समेत विश्व की कई चोटियों के अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर चुकी हैं।
2002 बैच की आईपीएस अपर्णा इलाहाबाद डीएम संजय कुमार की पत्नी हैं और वर्तमान में लखनऊ स्थित पीएसी मुख्यालय में डीआईजी के पद पर तैनात हैं। वह सात सितंबर को काठमांडू के लिए रवाना हुई थीं। वहां से नौ सितंबर को चोटी फतह का अभियान शुरू किया जो 25 अक्तूबर को पूरा हुआ। मंगलवार को वह बेस कैंप पहुंच गईं थीं। पांच-छह अक्तूबर को उनके वापस होने की उम्मीद है। हालांकि, वापसी की तिथि भी मौसम पर निर्भर करेगी। इस दौरान उन्होंने कई चोटियों और दुर्गम खाइयों को पार किया। पत्नी से वार्ता के बाद डीएम संजय कुमार ने बताया कि इस पहाड़ी की सबसे ऊंचाई पर -42 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान था और चोटी पर दो-तीन लोग ही खड़े हो सकते हैं। वहां 200 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। ऐसी परिस्थिति में झंडा फहराना काफी चुनौतीभरा रहा। उन्होंने बताया कि सबसे ऊंचे बेस कैंप पर भी -35 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान था। डीएम ने अपर्णा तथा उनके साथियों को बधाई दी तथा सभी के प्रति आभार प्रकट किया।
छह दिन तक नहीं रहा कोई संपर्क
मनास्लु चोटी पर पहुंचने से पहले अपर्णा के पति संजय कुमार या परिवार के अन्य सदस्यों से पिछले छह दिनों तक कोई संपर्क नहीं रहा। बकौल डीएम, ‘मौसम काफी खराब रहा। इस वजह से सेटेलाइट से भी संपर्क नहीं हो सका। यह समय हमारे लिए काफी कठिन रहा। 25 सितंबर की रात में बात होने पर राहत मिली।’
‘मनास्लु का नजारा अद्भुत है। यह बहुत खूबसूरत है। मैं मनास्लु के प्रति आभार प्रकट करती हूं कि उसने मुझे रास्ता दिया, जहां सामान्यता कोई नहीं पहुंच पाता है।’ (अपर्णा का मनास्लु की चोटी से पति संजय कुमार को भेजा गया संदेश)