छात्रों को राजनैतिक दलों से दूर रहने की हिदायत
0 इविवि प्रशासन ने बैनर-पोस्टर की कराई फोटोग्राफी
0 छात्रसंघ चुनाव में बड़े नेताओं की फोटो का इस्तेमाल
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रनेताओं को हिदायत दी है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान राजनैतिक दलों से दूरी बनाए रखें। इविवि प्रशासन ने इसके लिए नोटिस भी जारी किया है। हालांकि, इविवि परिसर और शहर के अलग-अलग इलाकों में कई पोस्टर-बैनर दिख जाएंगे, जिस पर संभावित प्रत्याशी के साथ किसी राजनैतिक दल के नेता की फोटो भी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऐसे पोस्टर, बैनर, होर्डिंग की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी शुरू करा दी है।
इविवि के चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामवेसक दुबे की ओर से पीआरओ के माध्यम से नोटिस सार्वजनिक किया गया है कि चुनाव की अवधि में छात्रसंघ के प्रत्याशियों का किसी भी राजनैतिक दल से संबद्धता और राजनैतिक हस्तक्षेप पूरी तरह से प्रतिबंधित है। ऐसे में कोई प्रत्याशी इस नियम का उल्लंघन करता है तो चुनाव लड़ने के लिए उसकी पात्रता निरस्त कर दी जाएगी। चीफ प्रॉक्टर ने नोटिस के माध्यम से यह भी कहा है कि प्रतिबंध के बावजूद छात्रनेता इविवि परिसर में जुलूस निकाल रहे हैं और कक्षाओं में घुसकर शिक्षण कार्य को बाधित कर रहे हैं। ऐसे में साबित होता है कि घोषित एवं संभावित प्रत्याशियों को संस्तुत किए गए नियमों का उल्लंघन करने में कोई संकोच नहीं हो रहा है। ऐसे प्रत्याशियों को भी चिह्नित किया जा रहा है। अगर प्रत्याशी नहीं माने तो उनकी पात्रता भी निरस्त की जा सकती है।