000000000
10661 युवाओं को मिली नौकरी
एसएससी सीजीएल परीक्षा 2016 का परिणाम जारी
इलाहाबाद परिक्षेत्र से 1572 युवाओं का हुआ चयन
इलाहाबाद। कर्मचारी चयन आयोग ने संयुक्त ग्रेड स्तर (सीजीएल) परीक्षा 2016 टियर-1 एवं टियर-2 का अंतिम परिणाम शनिवार को जारी कर दिया। केंद्रीय मंत्रालय एवं केंद्रीय विभागों में स्नातक शैक्षिक योग्यता वाले 31 प्रकार के पदों के लिए कुल 10661 युवा इसमें सफल हुए। वैसे यह परिणाम शुक्रवार को ही जारी होना था लेकिन तकनीकी खराबी के कारण परिणाम शनिवार को जारी किया गया। इलाहाबाद परिक्षेत्र से जुड़े यूपी एवं बिहार के 1572 युवाओं को इसमें सफलता मिली।
सीजीएल के माध्यम से 2800 से 4600 ग्रेड पे वाले 31 विभिन्न प्रकार के पदों पर भर्ती की जाती है। इसके पहले चरण की परीक्षा 27 अगस्त से 11 सितंबर 2016 के बीच तथा दूसरे चरण की परीक्षा तीन नवंबर से दो दिसंबर 2016 के बीच हुई थी। पहली बार दोनों चरणों की परीक्षाएं ऑनलाइन हुईं। 19 मार्च 2017 को तीसरे चरण की परीक्षा ऑफलाइन हुई थी। रिटर्न परीक्षा में असिस्टेंट आडिट ऑफिसर के पद पर 4796, असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर सीएसएस एवं एमईए के पद पर 15030, जूनियर स्टेटिकल ऑफिसर के पद पर 1254 तथा एएओ, एएसओ आदि पदों के लिए 35089 अभ्यर्थी स्किल टेस्ट के लिए सफल हुए थे।
शनिवार को जारी अंतिम परिणाम में सामान्य श्रेणी के 5722, ओबीसी के 2581, एससी के 1520 तथा एसटी के 838 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से सफलता मिली। 5722 सफल अभ्यर्थियों में 454 ओबीसी एवं आठ एससी अभ्यर्थियों ऐसे हैं जिन्हें सामान्य अभ्यर्थियों की मेरिट में सफलता मिली। क्षेत्रीय निदेशक राहुल सचान के मुताबिक स्किल टेस्ट में इन दोनों राज्यों के 5619 अभ्यर्थी सफल हुए थे। इसमें से 1572 युवाओं को अंतिम रूप से सफलता मिली।
00
आधे अभ्यर्थियों ने छोड़ दी सीजीएल 2017 परीक्षा
इलाहाबाद। कर्मचारी चयन आयोग की ओर से शनिवार को आयोजित सीजीएल 2017 की ऑनलाइन परीक्षा में 51.43 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। दो चरणों में हुई परीक्षा के लिए इलाहाबाद परिक्षेत्र से जुड़े यूपी एवं बिहार से 36252 अभ्यर्थियों को शामिल होना था लेकिन इसमें मात्र 18645 अभ्यर्थी शामिल हुए। इलाहाबाद में आठ केंद्रों पर ऑनलाइन परीक्षा हुई। क्षेत्रीय निदेशक राहुल सचान के मुताबिक इलाहाबाद में दोनों पालियों की परीक्षा में 4396 में से 2605 अभ्यर्थी शामिल हुए।