विरोध में काली पट्टी बांधकर अदा की नमाज
0 मोदी, योगी सरकार पर मुसलमानों से भेदभाव का आरोप
0 आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन की पहल
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
ईदगाह में आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन की नगर इकाई के आह्वान पर पहुंचे युवाओं ने सादगी से नमाज अदा की, लेकिन मोदी तथा योगी सरकार में मुसलमानों के साथ भेदभाव और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। महानगर अध्यक्ष अफसर महमूद ने कहा, भगवा ब्रिगेड को मोदी, योगी का संरक्षण प्राप्त है। मुस्लिम नौजवानों को ‘टारगेट’ किया जा रहा है। जिस बेरहमी से बल्लभगढ़ के जुनैद का कत्ल किया गया, वह भारतीय इतिहास में एक काला अध्याय है।
‘अमर उजाला’ से बातचीत में युवा जिलाध्यक्ष इफ्तेखार अहमद ने कहा, स्लाटर हाउस बंद करने से हजारों कुरैशी परिवार भुखमरी के कगार पर आ पहुंचे हैं। ऐसे में अबकी ईद पर न ही नए कपड़े पहने गए और न ही घरों में सेवइयां पकीं। विरोध करने वालों में महासचिव दानिश अंसारी, नगर सचिव जीशान अहमद, नगर संयुक्त सचिव मोहम्मद शाहनवाज, युवा जिला कोषाध्यक्ष अदीब अली खान, आसिफ अली खान, मीम नेता उस्मान भाई, सैफी हब, इमरान अहमद बक्शी, इम्तियाज अहमद आदि शामिल थे।
0 बांटा गया काला रिबन, प्रशासन ने मना किया
आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन की ओर से ईदगाह सहित करेली की अबूबकर मस्जिद, अबू हसन मस्जिद, जामा मस्जिद वसीउल्लाह, जामा मस्जिद वसीयाबाद, एक मीनारा मस्जिद आदि के बाहर भी काले फीते बांटे गए। ‘ईदगाह के बाहर काला फीता बांटने की खबर पर प्र्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों ने माहौल बिगाड़ने का हवाला देकर उन्हें मना किया, समझाया।