प्रतापगढ़। डीएम मार्कंडेय शाही और एसपी एस आनंद ने पुलिस लाइन में व्यापारी बंधुओं, पीस कमेटी के सदस्यों, ग्राम प्रधान, समाज के संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक करके कहा है कि नए स्थान पर होलिका दहन नहीं होगा। डीएम ने सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से होली का पर्व मनाने का आह्वान किया।
पुलिस लाइन में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि होली के पर्व पर जनपद में 2,505 स्थानों पर होलिका दहन होता है। यह स्थान पहले से चिह्नित हैं। इस वर्ष होली में इसी स्थान पर होलिका दहन होगा। ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी होलिका दहन स्थल पर साफ-सफाई करा लें। नगर पंचायत, नगरपालिका परिषद में अधिशासी अधिकारी होलिका दहन स्थल पर साफ-सफाई और पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
विद्युत विभाग के अधिकारी को चौबीस घंटे विद्युत आपूर्ति करने को कहा है। सीएमओ से होली के एक दिन पहले से होली की शाम तक सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को खुले रखने को कहा है। जिससे किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल इलाज की व्यवस्था की जा सके। उन्होंने कहा कि मदिरा की दुकानों पर पर्ची के माध्यम से शराब की बिक्री कदापि न की जाए। इस मौके पर एडीएम शत्रोहन वैश्य, एएसपी अवनीश कुमार मिश्रा, शिवाजी शुक्ल आदि मौजूद रहे।