स्नान पर्व के पहले चली आठ स्पेशल, आज होगा 51 का संचालन
0 कंट्रोल रूम में जमे रहे डीआरएम एवं अन्य अफसर
प्रयागराज। कुंभ मेले के पहले स्नान पर्व के एक दिन पूर्व लाखों श्रद्धालुओं के प्रयागराज पहुंचने की वजह से रेलवे ने सोमवार को विभिन्न स्थानों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई। इलाहाबाद जंक्शन से दिन भर में नियमित ट्रेनों के साथ सात स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया गया। उधर रोडवेज ने भी 700 अतिरिक्त बसों का संचालन विभिन्न रूटों के लिए। पिछले कुंभ मेले के दौरान मची भगदड़ को देखते हुए डीआरएम अमिताभ समेत तमाम रेलवे के अफसर जंक्शन स्थित कंट्रोल रूम में मुश्तैद रहे।
जंक्शन पर आने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की सोमवार को खासी भीड़ आई। इस बीच काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने वापसी की भी राह पकड़ी। उधर रेलवे ने भी पूर्व में घोषित स्पेशल ट्रेनों को चलाने का एलान कर रखा था। दिन भर में जंक्शन, नैनी, छिवकी और इलाहाबाद सिटी से कुल आठ ट्रेनों का संचालन हुआ। अब 15 जनवरी को कुल 27 स्पेशल ट्रेनें समय सारिणी से चलेंगी। इसके अलावा 24 ट्रेनों ऑन डिमांड चलाई जाएंगी। रेलवे की ओर से मंगलवार को जंक्शन से कानपुर और दीन दयाल उपाध्याय (मुगलसराय) के लिए छह-छह स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। मानिकपुर रूट पर भी तीन ट्रेन का संचालन होगा। इसी तरह मानिकपुर रूट के लिए इलाहाबाद छिवकी एवं नैनी से दो-दो, वाराणसी के लिए झूंसी से दो और इलाहाबाद सिटी से एक स्पेशल ट्रेन भेजी जाएगी। प्रयाग जंक्शन से अयोध्या, फैजाबाद के लिए दो-दो एवं लखनऊ के लिए एक स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाना है। उधर जंक्शन स्थित कंट्रोल रूम में सुबह एनसीआर के महाप्रबंधक राजीव चौधरी तमाम अफसरों के साथ पहुंचे। उनकी मौजूदगी में कंट्रोल टावर की विधिवत शुरूआत हुई। इस दौरान डीआरएम अमिताभ, एडीआरएम एके द्विवेदी, अनुराग गुप्ता के साथ एसपी रेलवे हिमांशु कुमार एवं जिला प्रशासन से सिटी मजिस्ट्रेट विश्व भूषण मिश्र आदि अफसर मौजूद रहे।
0000000000000000
खुल गए मेडिकल बूथ, खाली रहे यात्री आश्रय स्थल
प्रयागराज। कुंभ के मद्देनजर जंक्शन के सभी प्लेटफार्म पर रेलवे ने मेडिकल बूथ सोमवार से खोल दिए। हालांकि पहले दिन चुनिंदा लोगों ने ही मेडिकल बूथ का लाभ लिया। उधर जंक्शन पर बनाए गए चारों यात्री आश्रय स्थल भी आज तकरीबन खाली ही रहे। इस बीच रेलवे ने प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित नीलम फुट ओवर ब्रिज को बंद कर दिया गया। इसका रेलकर्मी अब आपात स्थिति में ही प्रयोग करेंगे।