छह जनवरी से दिल्ली के लिए एक और फ्लाइट
0 स्पाइस जेट करेगा संचालन, सुबह के समय चलाने की तैयारी
0 15 दिसंबर के पूर्व जारी होगी जयपुर फ्लाइट की समय सारिणी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। दिल्ली जाने के लिए अगले शहरियों को अगले वर्ष से एक और सीधी फ्लाइट की सौगात मिलने जा रही है। संगमनगरी से स्पाइस जेस की फ्लाइट का संचालन छह जनवरी से शुरू होगा। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (डीजीसीए) ने भी इसकी अनुमति दे दी है। प्रयागराज से दिल्ली के लिए सीधी फ्लाइट सुबह के समय संचालित होगी। लंबे समय से शहरी सुबह के समय सीधी फ्लाइट चलाने की मांग भी कर रहे थे। वहीं जयपुर की फ्लाइट जो तीन जनवरी से शुरू होनी थी, उसे अभी डीजीसीए से अनुमति नहीं मिली है। 15 दिसंबर के पूर्व जयपुर वाली फ्लाइट की समयसारिणी जारी होने की उम्मीद है।
वर्तमान में प्रयागराज से जेट एयरवेज की लखनऊ, पटना, इंदौर एवं नागपुर, इंडिगो की बंगलूरू एवं एयर इंडिया की फ्लाइट का दिल्ली के लिए संचालन हो रहा है। कुंभ के पूर्व इंडिगो को कोलकाता, रायपुर, भोपाल, देहरादून, गोरखपुर, मुंबई, पुणे, भुवनेश्वर के लिए सीधी फ्लाइट शुरू करनी है। इसके अलावा स्पाइस जेट द्वारा जयपुर एवं दिल्ली के लिए सीधी फ्लाइट शुरू की जानी है। इंडिगो द्वारा सभी फ्लाइटों का संचालन नए टर्मिनल में शिफ्ट हो जाने के बाद ही किया जाएगा। इसी क्रम में स्पाइस जेट द्वारा दिल्ली के लिए सीधी फ्लाइट का संचालन छह जनवरी से किया जाएगा। इस संबंध में डीजीसीए की ओर से दिल्ली के लिए फ्लाइट संचालन की अनुमति दे दी है। एयरपोर्ट निदेशक सुनील यादव ने इसकी पुष्टि की है। एयरपोर्ट निदेशक के मुताबिक छह जनवरी से दिल्ली के लिए स्पाइस जेट की फ्लाइट शुरू हो जाएगी, जिसका संचालन सुबह नौ से 11 बजे के बीच हो सकता है। अभी एयर इंडिया की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट नियमित रूप से शाम के समय उपलब्ध है। स्पाइस जेट की फ्लाइट सुबह के समय शुरू होने के बाद यात्री सुबह दिल्ली जाकर शाम को आसानी से वापस लौट सकेंगे।