जंक्शन से रामबाग के बीच सिगनल फेल, फंसी ट्रेनें
0 सुबह 8.15 से 11.10 बजे तक रेल संचालन पर पड़ा असर
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। बुधवार की शाम हुई झमाझम बारिश का साइड इफेक्ट बृहस्पतिवार को भी देखने को मिले। जंक्शन से इलाहाबाद सिटी (रामबाग) रेलवे स्टेशन के बीच ब्लॉक उपकरण फेल हो गए। इसका सीधा असर रेलवे सिगनल पर पड़ा। सिगनल काम न करने की वजह से तकरीबन तीन घंटे यहां ट्रेनों का संचालन मैनुअली किया गया।
दरअसल, बुधवार की शाम ट्रैक पर पानी भर जाने से डीएसए ग्राउंड के पास सिगनल केबल जल गया। इससे जंक्शन पर देर रात तक ट्रेनों का संचालन मैनुअली ही किया गया। देर रात इसे दुरुस्त किया तो सुबह ब्लॉक उपकरण फेल हो गए। इसका असर जंक्शन से रामबाग तक रहा। इस रेलखंड पर सुबह 8.15 बजे से 11.10 बजे तक सिगनल काम नहीं कर सके। इसका असर संबंधित रूट पर चलने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस, नई दिल्ली-मंडुवाडीह एवं सिकंदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस पर पड़ा। इस अवधि में यहां ट्रेन संचालन मैनुअली ही किया गया। एनसीआर इलाहाबाद मंडल के पीआरओ सुनील गुप्ता के मुताबिक बाद 11 बजे बाद संबंधित खामी ठीक कर ली गई।