गड़बड़ी की तो सात वर्ष तक के लिए डिबार होंगे
एसएससी
0 सर्वर हैक करने, इलेक्ट्रानिक डिवाइस से नकल करने पर कार्रवाई की समयसीमा बढ़ी
इलाहाबाद।
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वाले परीक्षार्थियों को अब सात वर्ष तक के लिए डिबार किया जाएगा। एसएससी की परीक्षाओं में लगातार नकल की शिकायतों एवं फर्जी दस्तावेज लगाकर परीक्षा में शामिल होने वालों को परीक्षा से डिबार करने की समयसीमा बढ़ा दी गई है। आयोग की ओर से पहले गड़बड़ी पकड़े जाने पर परीक्षा में दो से तीन वर्ष तक डिबार किया जाता था। अब आयोग ने परीक्षार्थी के दोष के अनुरूप दंड देने का फैसला किया है। अपर सचिव की ओर से परीक्षा से डिबार करने के लिए यह निर्देश जारी किए गए हैं।
क्या हैं नए नियम
0 परीक्षा के दौरान अथवा बाद में सर्वर हैक करके उससे जुड़ा डाटा और परीक्षा प्रणाली को प्रभावित करने की कोशिश पर आयोग परीक्षार्थी को सात वर्ष के लिए डिबार करेगा।
0 प्रश्नपत्र, परीक्षा से जुड़ी सामग्री, लैब का फोटो और वीडियो बनाकर बाहर भेजने पर सात वर्ष डिबार किया जाएगा।
0 परीक्षा से जुड़ी जानकारी उस दौरान एप के जरिए साझा करने पर सात वर्ष डिबार होंगे।
0 ब्लूट्रूथ, स्पाई कैमरा अथवा इलेक्ट्रानिक गैजेट के जरिए जानकारी शेयर करने पर सात वर्ष डिबार होंगे।
0 परीक्षा के दौरान केंद्र पर तैनात सुपरवाइजर, गार्ड, परीक्षक आदि को धमकी देने की कोशिश पर तीन वर्ष डिबार
0 परीक्षा से जुड़े संसाधन, उपकरण डैमेज करने, परीक्षा में गलत प्रवेश पत्र-प्रमाण पत्रों के जरिए शामिल होने की कोशिश अथवा परीक्षा कक्ष में हथियार के साथ पाए जाने पर पांच वर्ष के लिए डिबार किया जाएगा।