0000000000000000000
श्यामाचरण ने कहा, केशव मोटरसाइकिल से जाएं तो पता चलेगी नैनी पुल पर जाम की वजह
0 ग्राम स्वराज्य अभियान कार्यक्रम में डिप्टी सीएम के सामने सांसद ने उठाया मुद्दा
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
ग्राम स्वराज्य अभियान के तहत शनिवार को प्रयाग संगीत समिति में आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन से इलाहाबाद के सांसद श्यामाचरण एक बार फिर से सुर्खियों में आ गए। यहां उन्होंने मंच पर बैठे सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से कहा कि यमुना पुल पर जाम की समस्या विकराल रूप धारण करती जा रही है। जाम न लगे इसके लिए प्रयास किया जा रहा है, लेकिन लोगों को उससे निजात नहीं मिल रही है। कहा केशव मौर्य एक बार किसी मोटरसाइकिल पर बैठक संबंधित स्थान का निरीक्षण कर लें। वे डिप्टी सीएम नहीं, बल्कि केशव बनकर यहां का निरीक्षण करें तो निश्चित ही जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।
श्यामाचरण का कहना था कि अगर डिप्टी सीएम के तौर पर केशव यमुना पुल पर जाएंगे तो वहां अफसर एवं कर्मचारी तमाम खामी छिपा लेंगे। ऐसे में जाम की मुख्य वजह पता नहीं लग सकेगी। जबकि केशव के रूप में जाने पर उन्हें वहां मौजूद गड़बड़ियों के बारे में जानकारी हो जाएगी। श्यामाचरण की यह बात सुनते ही मंच पर बैठे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी समेत वहां बैठे तमाम लोग खुद को मुस्कराने से नहीं रोक सके। श्यामाचरण ने जिले में बन रहीं सड़कों पर कहा कि सरकार भले ही सौ में सौ नंबर लेने की बात कहे, लेकिन मैं इसमें से दस नंबर काटूंगा। शंकरगढ़ समेत कुछ स्थानों पर अभी सड़क निर्माण की जरूरत है। राज्य में मेरी पार्टी की सरकार है, इसलिए मैं बिना किसी हिचक के अपनी बात रख सकता हूं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों में पेयजल की बेहतर व्यवस्था किए जाने की भी उन्होंने बात कही।